आगरा: विवाहिता और उसके प्रेमी से अमानवीय सलूक, ग्रामीणों ने खंभे से बांधकर पीटा, कपड़े फाड़े
- रुनकता का मामला, भीड़ ने युवक का निकाला जुलूस, छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के आगरा में एक युवक और विवाहिता से अमानवीय सलूक किया गया। थाना सिकंदरा के रुनकता में शनिवार दोपहर को विवाहिता से मिलने आए युवक को महिला के घरवालों ने पकड़ लिया। दोनों की पिटाई लगाई, गले में कपड़ा बांधकर मोहल्ले में पैदल जुलूस निकाला।
इसके बाद दोनों को खंभे से बांधकर फिर पिटाई लगाई। युवक को अर्द्ध नग्न कर दिया गया। करंट लगाने की कोशिश की गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों को बचाया। मामले में पीड़ित विवाहिता की तहरीर पर उसके सास-ससुर सहित छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
रुनकता क्षेत्र की रहने वाली विवाहिता के तीन बच्चे हैं। शनिवार को महिला का पति काम पर गया था। घर के अन्य लोग बाजार गए थे। इसी बीच महिला का प्रेमी उससे मिलने आया। पीछे से घरवाले भी आ गए। युवक ने छत के रास्ते से भागने की कोशिश की लेकिन पकड़ लिया गया।
हंगामा होने पर मोहल्ले के लोग जुट गए। लोग युवक को पीटते हुए बीच मोहल्ले में ले आए। उसे रस्सी से खंभे से बांध दिया। कपड़े उतारकर उसे डंडे से पीटने लगे। बाद में महिला को भी खंभे के पास लाकर बैठा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को भीड़ से छुड़ाया और थाने ले गई। थाना सिकंदरा के प्रभारी निरीक्षक कमलेश सिंह का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया।
सास, ससुर, जेठ के खिलाफ मुकदमा
एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने कहा कि विवाहिता से मिलने उसका मित्र आया था। घरवालों ने उसे पकड़ लिया। पिटाई लगाई। मामले में बलवा, मारपीट, गालीगलौज सहित अन्य धारा में पीड़ित महिला की सास, ससुर, जेठ, भतीजे, ननद सहित छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
साप्ताहिक बाजार में युवक से मिली विवाहिता
विवाहिता ने पुलिस को बताया कि तीन महीने पहले वह साप्ताहिक बाजार में खरीदारी करने गई थी, वहां उसकी मुलाकात ऑटो चालक युवक से हुई। युवक कस्बा का ही रहने वाला है। बातचीत के बाद मोबाइल नंबर का आदान प्रदान हो गया। दोनों मोबाइल पर बात करने लगे। पति शक करता है। घर में झगड़ा होता है।
ससुरालियों के पहुंचने पर पहले बहू ने दरवाजा नहीं खोला था। काफी देर तक वे दरवाजा खटखटाते रहे। बहू अंदर से यही कह रही थी कि कोई नहीं है। हंगामे की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। बहू ने घर में किसी अन्य युवक के बारे में जानकारी से इंकार कर दिया। इस पर पुलिस चली गई थी। इसी बीच युवक घर की छत पर चढ़ गया था। जहां लोगों ने उसे पकड़ लिया।