{"_id":"69a2bb81383ea0bbe109005a","slug":"mla-son-accused-of-assaulting-toll-worker-in-agra-fir-filed-after-self-immolation-threat-2026-02-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"UP: भाजपा विधायक के पुत्र की दबंगई, टोलकर्मी से कर डाली मारपीट; पांचवें दिन दर्ज हुई एफआईआर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
UP: भाजपा विधायक के पुत्र की दबंगई, टोलकर्मी से कर डाली मारपीट; पांचवें दिन दर्ज हुई एफआईआर
Sat, 28 Feb 2026 03:25 PM IST
Dhirendra Singh
अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा
अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा
Published by: Dhirendra Singh
Updated Sat, 28 Feb 2026 03:25 PM IST
सार
आगरा के अछनेरा के रायभा टोल प्लाजा पर विधायक चौधरी बाबूलाल के पुत्र पर टोल कर्मी से मारपीट का आरोप लगा है, जिसका वीडियो सीसीटीवी में कैद हो गया था। पांच दिन तक कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने आत्मदाह की चेतावनी दी, जिसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
विज्ञापन
टाेल कर्मचारी से की मारपीट।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
आगरा के थाना अछनेरा के रायभा टोल प्लाजा पर टोल कर्मचारी की पिटाई के मामले में भाजपा विधायक चौधरी बाबूलाल के बेटे सुरेश चौधरी के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली। पीड़ित के भाई ने शुक्रवार को वीडियो जारी कर कार्रवाई न होने के विरोध में भाई के साथ कलेक्ट्रेट में आत्मदाह की चेतावनी दी थी। इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।
विज्ञापन
शाहगंज के दोरेठा नं.1 निवासी संजय सिंह अछनेरा के रायभा टोल पर कर्मचारी हैं। पीड़ित ने बताया कि 24 फरवरी की सुबह 11 बजे वह टोल पर काम कर रहे थे। तभी विधायक लिखी कार आई। कार में फास्टटैग नहीं लगा था इसलिए उन्होंने बैरियर पर कार रोक ली। अंदर से सुरेश चौधरी निकले और उन्होंने अभद्रता शुरू कर दी। खुद को फतेहपुर सीकरी विधानसभा से विधायक चौधरी बाबूलाल का बेटा बताते पिटाई कर दी। आरोप है कि दोबारा गाड़ी रोकने पर गोली मारने की धमकी भी दी।
विज्ञापन
संजय ने बताया कि जब वह शाम को टोल प्लाजा से अपने घर जा रहे थे तो रास्ते में दो बाइक पर सवार चार लोग पीछा करने लगे और धमकाते हुए कहा कि पुलिस से शिकायत की तो दूसरे दिन अपने घर नहीं पहुंच पाओगी। पीड़ित और उसके भाई ने विधायक और उनके बेटे से जान का खतरा बताया था। एसीपी अछनेरा शैलेश कुमार ने बताया कि शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।
विज्ञापन
पुलिस पर लगाया था दबाव बनाने का आरोप
पीड़ित संजय के भाई वीरू ने वीडियो जारी कर समझौता नहीं करने और कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद उनके घर पर पुलिस पहुंची तो उसका वीडियो वायरल कर पुलिस से खतरा बताया था। पुलिस पर विधायक के बेटे की ओर से दबाव बनाने का आरोप लगाया था। इसके बाद शुक्रवार को वीडियो जारी कर दोनों भाइयों ने कार्रवाई नहीं होने पर कलेक्ट्रेट में आत्मदाह की चेतावनी दी थी। इसके बाद शुक्रवार रात 11:45 बजे पुलिस ने सुरेश चौधरी पर पिटाई करने और धमकाने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की।