मथुरा में बदमाशों ने की बड़ी वारदात, सराफा कारोबारी के नौकर से लूटी 91 किलो चांदी
- लक्ष्मीनगर के निकट हुई वारदात, बदमाश तमंचा दिखाकर स्कूटी और चांदी ले गए
- लूटी गई चांदी की कीमत 30 लाख रुपये बताई जा रही, आईजी आगरा पहुंचे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मथुरा के हाईवे लिंक रोड पर सोमवार सरेशाम बदमाशों ने लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। हथियारबंद बदमाशों ने लक्ष्मीनगर के निकट सराफा कारोबारी के नौकर से 91 किलो चांदी लूट ली। लूटी गई चांदी की कीमत 30 लाख रुपये बताई जा रही है। नौकर स्कूटी से चांदी से बने जेवरात को दुकान पर लेकर आ रहा था।
दो बाइकों पर सवार बदमाशों ने तमंचा दिखाकर स्कूटी सवार नौकर को धक्का दे दिया और स्कूटी सहित चांदी लूट कर ले गए। पुलिस नाकेबंदी कर बदमाशों की खोज में जुटी है। वहीं, आईजी आगरा ए सतीश गणेश भी पहुंच गए और घटना की जानकारी लेकर बदमाशों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
शाम चार बजे हुई वारदात
मंडी रामदास में सराफ का कारोबार करने वाले दीपक अग्रवाल की दुकान पर शांति आश्रम जमुनापार निवासी मनोज सैनी काम करता है। सोमवार को शाम चार बजे मनोज स्कूटी से त्रिवेणी फैक्टरी के निकट स्थित सराफ के कारखाने से करीब 91 किलो चांदी लेकर आ रहा था।
तमंचा दिखाकर की लूट
नौकर ने बताया कि कोतवाली की रिपोर्टिंग चौकी कृष्णानगर क्षेत्र में हाईवे लिंक रोड पर लक्ष्मीनगर के समीप अपाचे और हीरो होंडा बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उसे घेर लिया। इसके बाद तमंचा दिखाते हुए स्कूटी से धक्का दे दिया और 91 किलो चांदी लेकर भाग निकले। लूट की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई।
नौकर ने तुरंत इसकी सूचना सराफ और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने नौकर से पूछताछ के साथ बदमाशों की नाकेबंदी शुरू कर दी। एसपी सिटी उदय शंकर सिंह ने बताया कि मनोज सैनी सराफ के कारखाने में काम करता है। वो चांदी लेकर आ रहा था। रास्ते में बदमाशों ने लूटा है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें- मथुरा: स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था देह व्यापार, तीन युवक और चार युवतियां गिरफ्तार