योगीराज में खनन माफियाओं के हौसले बुलंद, सिपाही को मारी गोली, घायल
मैनपुरी में औंछा गांव नगला दुर्जन के पास अवैध खनन की सूचना पर पहुंचे मोहकमपुर चौकी के सिपाहियों पर खनन माफिया ने हमला बोल दिया। गोली लगने से एक सिपाही घायल हो गया, जबकि दूसरा बाल-बाल बचा। एसपी के नेतृत्व में पुलिस ने दबिश देकर छह लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं प्राथमिक उपचार के बाद सिपाही को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
जसराना रोड स्थित मोहकमपुर चौकी पर तैनात सिपाही ओमपाल चौधरी और प्रदीप कुमार शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे मिट्टी का खनन होने की
सूचना पर नगला दुर्जन के पास पहुंचे। यहां उन्हें जेसीबी से खनन होता मिला। सिपाहियों ने जेसीबी चालक को रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगे।
सिपाही को पीछे आता देख जेसीबी चालक भुवनेश उर्फ भोला ने गोली चला दी। गोली सिपाही ओमपाल के मात्थे को रगड़ती हुई निकल गई। बाइकों से
पहुंचे जेसीबी चालक के साथियों ने पुलिसकर्मी को जानमाल की धमकी भी दी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने सिपाही को जसराना के निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिलवाया।
गोली लगने से सिपाही घायल
सिपाही की हालत खतरे से बाहर है। सिपाही पर हमले की सूचना पर एसपी अजय शंकर राय, एएसपी ओमप्रकाश सिंह, सीओ कुरावली सुरेश बाबू, एसओ औंछा लालता प्रसाद, घिरोर, एलाऊ, कुरावली, सदर कोतवाली, बिछवां का पुलिसबल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ दबिश दी। करीब छह लोगों को हिरासत में लिया गया है।
पांच के खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्ट
घायल सिपाही ओमपाल चौधनी की तहरीर पर थाना पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इसमें जेसीबी चालक भुवनेश उर्फ भोला
निवासी जसराना सहित उसके साथ ही लालू चौहान निवासी नगला जांख, तेजप्रताप सिंह निवासी झपारा, जसराना फिरोजाबाद, रिंकू यादव निवासी नगला सुजान जसराना, रिजवान निवासी पाढम थाना जसराना फिरोजाबाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
- मामला गंभीर है। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सिपाही की हालत खतरे से बाहर है।
अजय शंकर राय, एसपी