सोरोंजी। प्रांतीय मेला मार्गशीष के शुरू होने में 12 दिन बचे हैं। अभी तक मेले में भूमि आवंटन और बिजली की सजावट का ठेका नहीं उठ सका है। ई-टेंडर के माध्यम से ठेका उठाने की प्रक्रिया सफल नहीं हुई तो शुक्रवार को पालिका परिसर में इच्छुक संस्थाओं ने ठेका लेने के लिए बोली लगाई। लेकिन बोली कम लगने के चलते प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो सकी। शनिवार को फिर से बोली लगाई जाएगी।
मेला परिसर में दुकानदारों और खेल-तमाशे वालों को भूमि आवंटित करनी है, बिजली की सजावट भी होनी है। ककोड़ा मेला के बाद दुकानदार और खेल तमाशे वाले भी सामान सहित मेला ग्राउंड पर पहुंच रहे हैं। गत वर्ष मेला का ठेका ई-टेंडर के माध्यम से 58 लाख 58 हजार आठ सौ अठावन रुपये में हुआ था। इस बार भी पालिका ठेका ई-टेंडर के माध्यम से उठाना चाह रही थी, लेकिन टेंडर डालने वाली तीन संस्थाओं में से 2 के टेंडर मानक के अनुरूप न होने के कारण आज पालिका परिसर में ठेका नीलामी बोली लगाकर होना था, लेकिन बोली में भाग लेने वाली तीनों संस्थाओं ने गत वर्ष के मुकाबले काफी कम बोली लगाई, जिसके कारण ईओ मुकेश कुमार ने शुक्रवार को नीलामी बोली प्रक्रिया स्थगित कर दी। उन्होंने कहा कि नियमानुसार गत वर्ष की सरकारी बोली से 10 प्रतिशत बढ़ाकर बोली लगनी चाहिए। शनिवार को पुन: बोली लगाकर ठेका उठाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।