इलाज हुआ और महंगा: आगरा में ऑपरेशन का खर्च 10 से 15 फीसदी बढ़ा, दवाओं की कीमतों में इजाफा
आगरा में लोगों के लिए इलाज और महंगा हो गया है। कोरोना से ठीक हुए लोगों के लिए अन्य रोगों के ऑपरेशन ढाई से तीन हजार रुपये महंगे हुए हैं। डेंगू और वायरल के साथ ही अन्य बीमारियों की दवाओं के दाम भी बढ़े हैं। रक्त और प्लेटलेट्स की मात्रा बढ़ाने वाली दवाओं की मांग बढ़ी तो इनकी भी कीमत बढ़ गई। सिरिंज और आईबी सेट भी महंगे हुए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में कोरोना से ठीक हुए लोगों का ऑपरेशन कराने का खर्च 10 से 15 फीसदी बढ़ गया है। ऑपरेशन से पहले चिकित्सक एहतियातन छाती, हृदय और रक्त संबंधी कई तरह की जांच करा रहे हैं। इससे ऑपरेशन 2,500 से 3,000 रुपये तक महंगे हो गए हैं।
आईएमए के अध्यक्ष डॉ. राजीव उपाध्याय ने बताया कि कोरोना वायरस की दूसरी लहर में संक्रमित हुए लोगों के सामान्य ऑपरेशन से पहले रक्त की जांच, छाती का एक्सरे, हृदय की ईसीजी-इको और पेट का अल्ट्रासाउंड करा रहे हैं। इससे करीब 3000 रुपये तक का खर्च आता है।
कई लोग ऐसे भी हैं, जो संक्रमित होने पर गंभीर हाल में रहे। इन तमाम जांचों से छाती-हृदय संबंधी परेशानी का पता चल जाता है। किसी में छाती-हृदय संबंधी दिक्कत मिलने पर ऑपरेशन टाल भी दिए जाते हैं। सामान्य लोगों के ऑपरेशन का खर्च लगभग वही है।
एपेंडिक्स - 26 से 28 हजार रुपये
हार्निया - 28 से 30 हजार रुपये
पित्त पथरी - 28 हजार रुपये
पाइल्स - 18 हजार रुपये
गुर्दा पथरी - 36 हजार रुपये
सिजेरियन - 30 हजार रुपये
बच्चेदानी - 30 हजार रुपये
(जैसा कि डॉ. सुनील शर्मा, निर्वाचित अध्यक्ष एसोसिएशन ऑफ सर्जंस ऑफ आगरा ने बताया)
दिवाली बाद की तारीख
आईएमए सचिव डॉ. अनूप दीक्षित ने बताया कि पथरी, हार्निया, एपेंडिक्स समेत अन्य सामान्य ऑपरेशन करवाने वाले मरीज दिवाली बाद की तारीख ले रहे हैं।
दवाओं के दाम बढ़े
बुखार-खांसी, मधुमेह-उच्च रक्तचाप समेत विभिन्न मर्ज की दवाओं पर 15 फीसदी तक दाम बढ़ गए हैं। इससे नियमित दवाएं लेने वाले मरीजों पर सबसे ज्यादा भार पड़ा है।
आगरा फार्मा एसोसिएशन के महामंत्री महेश अग्रवाल ने बताया कि कफ सिरप, त्वचा रोग, मधुमेह, थायरायड, रक्तचाप, मल्टी विटामिन दवाओं की कीमत प्रति स्ट्रिप 15 फीसदी तक बढ़ी है। इंसुलिन की कीमत 60 से 70 रुपये तक बढ़ गई है। मधुमेह, रक्तचाप और अपच के मरीजों को इनकी दवाएं लगभग नियमित खानी पड़ती हैं। इससे मरीजों पर दवाओं का खर्च और बढ़ गया है।
आगरा महानगर केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष आशीष शर्मा ने बताया कि डेंगू-वायरल बुखार के कारण रक्त और प्लेटलेट्स बढ़ाने वाली दवाओं की मांग पांच गुना हो गई है। इनकी कीमत भी 15 से 20 फीसदी बढ़ गई है।
ग्लाइमप्राइड (मधुमेह) 105 रुपये 115 रुपये
टेनेग्लेफ्टीन (मधुमेह) 178 रुपये 195 रुपये
लिवेरासिटाम (न्यूरो) 130 रुपये 170 रुपये
कैरबामेजापिन (न्यूरो) 31 रुपये 34 रुपये
टेल्मिसाराटिन (रक्तचाप) 62 रुपये 69 रुपये
एम्लोडेपाइन (रक्तचाप) 120 रुपये 132 रुपये
सिफेक्सिम (एंटीबायोटिक) 76 रुपये 83 रुपये
कफ सिरप (खांसी) 60 रुपये 66 रुपये
सिट्रीजन (बुखार-खांसी) 30 रुपये 34 रुपये
इट्राकैनाजॉल (त्वचा रोग) 170 रुपये 189 रुपये
रैबीपैराजॉल (एसिडिटी) 120 रुपये 130 रुपये
जैसा कि आगरा फार्मा एसोसिएशन के प्रवक्ता पुनीत कालरा ने बताया
सर्जिकलः सिरिंज और आईवी सेट भी महंगा
सर्जिकल सामान के थोक विक्रेता अंशुल मित्तल ने बताया कि सिरिंज और आईवी सेट पर दाम बढ़ गए हैं। एक माह पहले तक सिरिंज का 100 पीस का बॉक्स 120 रुपये का आता था, तो अब 145 रुपये का आ रहा है। ग्लूकोज की ड्रिप लगाने में उपयोग होने वाले आईवी सेट पहले 200 रुपये के 50 आते थे, अब इसकी कीमत 220 रुपये हो गई है। अन्य कुछ सर्जिकल सामानों के दामों में भी मामूली बढ़ोतरी हुई है।