वृंदावन (मथुरा)। जीएलए विश्वविद्यालय के 90 छात्र-छात्राओं के सहयोग से हरे कृष्णा मूवमेंट वृंदावन द्वारा केशीघाट से कुंभ मेला क्षेत्र तक सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए हरे कृष्णा मूवमेंट के श्रीकृष्ण पाद दास ने बताया कि हरे कृष्णा महामंत्र के नियमित जाप से सर्वप्रथम हम अपने अंत:करण को साफ करें, उसके पश्चात बाह्य रूप में स्वच्छता स्वत: होगी।
अभियान के शुरू होने से पहले छात्र-छात्राओं का समूह चंद्रोदय मंदिर पहुंचा। यहां श्रीराधा वृंदावन चंद्र के दर्शन किए। इसके बाद सभी विद्यार्थी एकत्रित होकर हरे कृष्ण महामंत्र का गायन करते हुए केशीघाट पहुंचे। जहां उन्हें संस्था के पदाधिकारियों द्वारा स्वच्छता किट प्रदान की गई। सभी विद्यार्थियों ने कुंभ मेला क्षेत्र तक हरिनाम संकीर्तन करते हुए, समूह बनाकर सफाई कार्य में पॉलिथीन, प्लास्टिक बोतल और विभिन्न प्रकार के विविध कूड़ा करकट जमा करने में जुट गए। यह अभियान करीब एक घंटे तक चला।