#LadengeCoronaSe: एक-दूसरे का सहारा बन 'वायरस' को हराया, पढ़िए ऐसे परिवारों की कहानी
मैनपुरी जिले के कई परिवारों ने एक-दूसरे का सहारा बनकर कोरोना वायरस को हराया है। आज इन परिवारों का प्रत्येक सदस्य स्वस्थ हैं। आज ये परिवार बचाव के तौर तरीकों का पालन कर रहे हैं। दोस्तों, रिश्तेदारों को जागरूक कर रहे हैं।
विस्तार
मैनपुरी के आवास विकास सेक्टर दो में एक परिवार के सभी सदस्य पति, पत्नी और उनके दोनों बच्चे कोरोना संक्रमित हुए। ये लोग होम आइसोलेट हो गए। परिवार के प्रत्येक सदस्य ने डॉक्टरों की सलाह पर अमल किया और नियमित दवा का सेवन किया। 15 दिन होम आइसोलेट रहने के बाद सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई।
कोरोना वायरस को मात देने के बाद आज पूरा परिवार प्रसन्नता के साथ रह रहा है। परिवार की महिला ने बताया कि कोरोना संक्रमण में किसी प्रकार से हिम्मत हारने की जरूरत नहीं है। नियमित दवा के सेवन और सुरक्षा संसाधन अपनाने से आसानी से कोरोना पर जीत हासिल की जा सकती है।
दवा के साथ प्रणायाम से दी कोरोन को मात
शहर से सटे गांव टिंडौली में एक संयुक्त परिवार में तीन भाई और एक भतीजा कोरोना संक्रमित हो गया। परिवार में चार सदस्यों के कोरोना संक्रमित होने से परिजन चिंतित हो गए, लेकिन परिवार के लोगों ने हौसला दिखाया। होम आइसोलेट रहते हुए कोविड-19 की गाइड लाइन का पालन किया। साथ ही व्यायाम और प्रणायाम किया। सभी ने कोरोना को सात दिन में हराया है।
सकारात्मक सोच से हराया कोरोना
शहर के मोहल्ला राजा का बाग में एक परिवार के सात सदस्यों को कोरोना संक्रमण हुआ। परिवार के सामने खाने तक की दिक्कत आ गई। परिवार का एक सदस्य बाहर रह रहा था। उसने घर पर आकर परिवार के लोगों को अलग-अलग कमरे में रखा।
नियमित दवा खिलाई और कोविड-19 की गाइड लाइन का पालन कराया। सभी लोग 14 दिन बाद स्वस्थ्य हो गए, उनकी रिपोर्ट भी निगेटिव आ गई। परिजनों का कहना है कि सकारात्मक सोच से कोरोना को मात दी।
ऐसी रखें दिनचर्या
- संक्रमित होने पर डरें नहीं, सोच को सकारात्मक रखें।
- पूरी नींद लें, सुबह व्यायाम और प्राणायाम करें
- बिना मसाले का ताजा भोजन करें, मौसमी, संतरा आदि फल खाएं
- दिन में आठ से दस गिलास गुनगुना पानी पीयें
- दिन में कम से कम तीन से चार बार भाप अवश्य लें
- डॉक्टर की ओर से दी गई दवा का नियमित सेवन करें
- खाली समय में अच्छी किताबें पढ़ें