इश्क का जुनून: रूठी पत्नी के प्यार में पति ने उठाया खौफनाक कदम, खुद को लगाई आग, बोला- एक बार सूरत तो दिखा जा
युवक की पत्नी मायके में रह रही है। कई बार बुलाने पर भी वह नहीं आई। इससे आहत युवक ने खुद को आग लगा ली। युवक के परिजनों ने पत्नी पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
विस्तार
आगरा में एक युवक ने पत्नी के मायके से नहीं आने पर ऐसा कदम उठा लिया, जिससे उसकी जान पर बन आई है। युवक ने मंगलवार रात खुद को आग लगा ली। परिजनों और पड़ोस के लोगों ने किसी तरह आग बुझाई। तब तक वह गंभीर रूप से झुलस गया। उसे एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से झुलसे युवक का वीडियो बुधवार को सामने आया है।
मामला थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के नरायच के ज्वाला नगर का है। यहां रहने वाले प्रेम गोपाल ने मंगलवार रात को अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। प्रेम गोपाल को जलता देख परिवार में चीख-पुकार मच गई। पड़ोसियों की मदद से परिजनों ने किसी तरह आग बुझाई। गंभीर रूप से झुलसे प्रेम गोपाल को अस्पताल लेकर आए। एसएन मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज चल रहा है।
'पत्नी को बहुत प्यार करता हूं'
प्रेम गोपाल का एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें वह कह रहा है कि वह पत्नी मनीषा से बहुत प्यार करता है, लेकिन उसने उसके प्यार की कद्र नहीं की। एक बार सूरत को दिखा जा। उधर प्रेम के परिजनों ने पत्नी के खिलाफ तहरीर दी है। जिसमें पत्नी, सास-ससुर और साले पर उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया है। इस पर पुलिस जांच कर रही है।