एटा शराब कांड : जलेसर में मृतक के भाई की भी मौत, पुलिस बोली- सदमे में गई जान
घटना थाना जलेसर क्षेत्र की है। गांव जमालपुर निवासी महेश कुमार, गांव विशुनीपुर निवासी जयपाल सिंह और रघुराज ने शुक्रवार शाम को एक साथ शराब पी थी। तबियत बिगड़ने पर रघुराज अस्पताल चला गया। महेश कुमार और जयपाल घर पर ही रहे। देर रात इन दोनों की मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एटा जिले के जलेसर थाना क्षेत्र के शराब मामले में एक और व्यक्ति की मौत हुई है। वह गांव जमालपुर के मृतक महेश का भाई था। मामले में कुल मिलाकर तीन लोगों की जान जा चुकी है। वहीं पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। इसमें यह दावा किया गया था कि क्षेत्र के गांवों में शराब पीने से कोई व्यक्ति बीमार नहीं है।
25 जून की रात शराब पीने से गांव जमालपुर के महेश और गांव विशनीपुर के जयपाल की मौत हुई थी। वहीं, रघुराज की तबियत बिगड़ने पर हाथरस के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अगले ही दिन 26 जून को पुलिस ने आसपास के गांवों में सर्च ऑपरेशन चलाकर दावा किया कि शराब पीने से अन्य कोई व्यक्ति बीमार नहीं है।
इन्हीं तीन लोगों ने शराब पी थी, लेकिन 26 जून की रात गांव जमालपुर के मृतक महेश के भाई चंद्रपाल (48) की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि इनके साथ कुछ और लोगों ने भी शराब पी थी। उधर, चंद्रपाल की मौत के बाद परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। हालांकि इसमें मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ। जांच के लिए विसरा सुरक्षित किया गया।
पहले गई आंखों की रोशनी फिर हुई खून की उल्टी
आबकारी निरीक्षक निहांत सिंह ने 27 जून को गांव में मृतक की पत्नी सुमन से पूछताछ की। उसने बताया कि 26 जून की शाम को चंद्रपाल को बेचैनी महसूस हुई। पूछने पर बताया कि चंद्रपाल ने भी शराब पी थी। धीरे-धीरे उन्हें दिखना बंद हो गया। फिर खून की उल्टियां होने लगीं। जलेसर सीएचसी पर ले गए। वहां इलाज के दौरान मौत हो गई।
गांव में बिकती थी शराब
सुमन का यह भी कहना है कि गांव के विनय और राजकुमार अपने घर पर अवैध शराब बेचते थे। इसकी शिकायत भी कोतवाली में की थी, लेकिन उन लोगों के बजाय पुलिस चंद्रपाल को ही पकड़कर ले गई।
एसएसपी उदय शंकर सिंह ने बताया कि चंद्रपाल की मौत का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है। भाई महेश की मौत के बाद वह सदमे में था और कुछ खाया-पिया भी नहीं। चिकित्सकों ने भी परीक्षण में भूख के कारण मौत होने का अंदेशा जताया है। गांवों में लगातार संपर्क कर शराब से बीमारी संबंधी जानकारी की जा रही है।