मैनपुरी: एसपी-एसडीएम और भाजपा ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष कोरोना संक्रमित, 24 घंटे में 33 कोरोना पॉजिटिव मिले
मैनपुरी में एक बार फिर से संक्रमण तेज हो रहा है। जनपद में नवोदय विद्यालय को क्वारंटीन सेंटर बनाया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मैनपुरी जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। पुलिस अधीक्षक, एसडीएम घिरोर और भाजपा ब्रज प्रदेश के उपाध्यक्ष सहित जिले में 33 लोग 24 घंटे में कोरोना संक्रमित मिले हैं। अधिकारियों के कोरोना संक्रमित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की चिंताएं बढ़ गई हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार पुलिस कप्तान एके राय कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उनकी हालत सामान्य है। इसके अतिरिक्त एसडीएम घिरोर मानसिंह पुंडीर की आरटीपीसीआर रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। शहर के मोहल्ला अबधनगर निवासी भाजपा के ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे में जिले में 33 कोरोना के नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही जिले में एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 64 पहुंच गई है।
नवोदय विद्यालय बनाया गया क्वारंटीन हाउस
जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी के साथ बढ़ते ही स्वास्थ्य विभाग बाहर से आने वाले लोगों को लेकर सक्रिय हो गया है। शनिवार को सीएमओ डॉ. पीपी सिंह स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ जवाहर नवोदय विद्यालय भोगांव पहुंचे। सीएमओ ने बताया कि नवोदय विद्यालय में व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के बाद फिर से विद्यालय को क्वारंटीन हाउस बनाया गया है। यहां संदिग्धों को क्वारंटीन किया जाएगा।
कोरोना पॉजिटिव को तीन घंटे तक नहीं मिला उपचार
मैनपुरी में जिला अस्पताल प्रशासन की लापरवाही से एक कोरोना संक्रमित तीन घंटे तक मेडिकल कॉलेज सैफई में उपचार के लिए भटकता रहा। नोडल अधिकारी ने जब उसकी जानकारी ली तो सैफई अस्पताल में संपर्क कर उसे भर्ती कराया। जिला अस्पताल में भर्ती कोतवाली थाना क्षेत्र के नगला बख्ती निवासी श्रीकृष्ण की 60 वर्षीय पत्नी मीरा देवी को मधुमेय की दिक्कत होने पर शुक्रवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिला अस्पताल प्रशासन ने उसकी कोरोना जांच कराई। जांच रिपोर्ट में मरीज कोरोना संक्रमित निकला। इसकी सूचना मेडिकल कॉलेज सैफई को नहीं दी गई। इससे मेडिकल कॉलेज सैफई पहुंची मीरा देवी को भर्ती नहीं किया गया। मीरा देवी के पुत्र अमलेश ने बताया कि वह पौने पांच बजे से पौने आठ बजे तक सैफई में अपनी मां को भर्ती कराने के लिए भटकता रहा था। बाद में मैनपुरी से डॉ. अनिल कुमार का फोन आया इसके बाद उसकी मां को भर्ती कराया गया है। सीएमओ डॉ. पीपी सिंह का कहना है कि उन्हें सीएमएस के द्वारा इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी गई। संवाद