Mainpuri Bypoll: नवीन मंडी में विधानसभावार मतगणना के लिए लगाई जाएंगी 14-14 टेबल, कल आएगा चुनाव परिणाम
मैनपुरी की चार विधानसभा सीटों की मतगणना मैनपुरी में होगी। वहीं, लोकसभा क्षेत्र में शामिल इटावा जिले की जसवंतनगर सीट की गणना इटावा में ही होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में मतदान के बाद अब जिला प्रशासन मतगणना की तैयारियों में जुटा है। नवीन मंडी में मतगणना के लिए बैरिकेडिंग करने और टेबल लगाई गई हैं। मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी ने भी निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने बेहतर व्यवस्थाएं किए जाने के निर्देश भी दिए हैं।
आठ दिसंबर को सुबह आठ बजे से चुनाव आयोग के आदेश के अनुसार मतगणना कराई जाएगी। मैनपुरी की चार विधानसभा सीटों की मतगणना मैनपुरी में होगी। वहीं, लोकसभा क्षेत्र में शामिल इटावा जिले की जसवंतनगर सीट की गणना इटावा में ही होगी। नवीन मंडी में होने वाली चार विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना के लिए प्रशासन तैयारी में जुट गया है।
सोमवार को देर रात तक ईवीएम जमा होने के बाद स्ट्रांग रूम सील किए जा चुके हैं। मंगलवार को सुबह से ही ईवीएम लाने के लिए बैरीकेडिंग का काम शुरू हो गया। इसके साथ ही गणना की टेबिल भी लगाई जाएंगीं। प्रत्येक विधानसभा के लिए कुल 14-14 टेबिल लगाई जाएंगीं। वहीं, एक टेबिल सहायक निर्वाचन अधिकारी की भी रहेगी।
कड़ी सुरक्षा में ईवीएम को लाया जाएगा
कड़ी सुरक्षा में स्ट्रांग रूम से ईवीएम को गणना टेबिल तक लाया जाएगा। गणना होने के बाद ईवीएम को वापस ले जाया जाएगा। इसके साथ ही गणना की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को गणना में प्रत्येक टेबिल पर एक-एक एजेंट रखने के लिए भी अनुमति प्रशासन द्वारा जारी की जाएगी।
प्रत्येक टेबिल पर रहेंगे चार कार्मिक
मतों की गिनाती के लिए लगाई जाने वाली प्रत्येक टेबिल पर एक गणना पार्टी में कुल चार कार्मिक मौजूद रहेंगे। इसमें एक गणना पर्यवेक्षक, एक गणना सहायक, एक गणना माइक्रो ऑब्जर्वर और एक चतुर्थ श्रेणी कर्मी मौजूद रहेंगे। चतुर्थ श्रेणी कर्मी स्ट्रांग रूम से टेबिल तक ईवीएम लाने और ले जाने का कार्य करेंगे।
एडीएम/उप जिला निर्वाचन अधिकारी राम जी मिश्र ने बताया कि मतगणना के लिए नवीन मंडी में तैयारी चल रही है। आठ दिसंबर को निर्धारित समय पर मतगणना कराई जाएगी। किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति को गणना के दौरान नवीन मंडी में प्रवेश नहीं मिल सकेगा।