फिरोजाबाद: शराब माफिया सुखवीर पर बड़ी कार्रवाई, एक करोड़ की संपत्ति जब्त
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद में शराब माफिया सुखवीर पर बड़ी कार्रवाई हुई है। उसकी करीब एक करोड़ रुपये की संपत्ति को मंगलवार को थाना खैरगढ़ पुलिस ने कुर्क कर लिया। तीन अचल संपत्ति और तीन वाहनों को कुर्क करने की कार्रवाई पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में की गई।
थाना खैरगढ़ क्षेत्र के गांव शेखपुरा में तीन माह पूर्व जहरीली शराब के सेवन से तीन लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में थाना पुलिस ने शिकोहाबाद क्षेत्र निवासी सुखवीर सहित अन्य लोगों पर मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेजने के साथ ही उन पर शिकंजा कस दिया।
प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देश पर मंगलवार को शिकोहाबाद एसडीएम देवेंद्र सिंह, सीओ बल्देव सिंह खनेड़ा की मौजूदगी में थानाध्यक्ष खैरगढ़ ने शराब माफिया की तीन अचल संपत्ति और तीन वाहनों को कुर्क किया है। उप जिलाधिकारी ने बताया कि तीनों प्लाटों को कब्जे में लिया गया है। इसके साथ ही दस अन्य माफियाओं की संपत्ति की जांच कराई जा रही है।
शराब माफियाओं की टूटी कमर
पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई से शराब माफियाओं की कमर टूट गई है। पंचायत चुनाव में करोड़ों रुपये की अवैध शराब की बिक्री होती थी, लेकिन इस कार्रवाई के बाद अवैध शराब का कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। जिला प्रशासन अन्य माफियाओं की संपत्ति को खंगालने में लगा हुआ है।
सख्ती से गिरा अवैध शराब का कारोबार
जनपद में अवैध शराब का करोड़ों रुपये का कारोबार चल रहा था। इस पर रोक लगने से आबकारी विभाग को फायदा हुआ है। एसपी ग्रामीण ने बताया कि शराब माफियाओं पर सख्ती का असर आबकारी विभाग के राजस्व पर दिखाई दे रहा है। इस वर्ष आबकारी विभाग के राजस्व में 120 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड से आती नकली शराब
फिरोजाबाद जिले में हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड से नकली या अवैध शराब लाई जाती है। आगामी माह में पंचायत चुनाव हैं। पंचायत चुनाव में अवैध शराब की खपत बहुत अधिक हो जाती है।