आगरा जनकपुरी महोत्सव: राह से हटा दो अब रोड़ा, श्रीराम की बरात में समय बचा थोड़ा
रामलीला के गणेश पूजन में 48 घंटे का समय शेष रह गया है, लेकिन विकास कार्यों के नाम पर सिर्फ पेड़ों की छंटाई और छोटे काम शुरू हो सके हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा की ऐतिहासिक श्रीराम बरात में कुछ ही वक्त बचा है, लेकिन रामलीला मैदान में विकास कार्य पूरे नहीं हो पाए हैं। इसे लेकर श्री जनकपुरी महोत्सव कमेटी के पदाधिकारियों ने मंगलवार को जनकपुरी में विकास कार्यों को कराने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों से बात की। उन्होंने विघ्न विनाशक के डोले वाले मार्ग को दुरुस्त करने की बात रखी।
रामलीला के गणेश पूजन में 48 घंटे का समय शेष रह गया है। रामलीला मैदान में पूजन के साथ ही उत्तर भारत की प्रख्यात श्रीराम बरात का शुभारंभ हो जाएगा। समय कम है। विकास कार्यों के नाम पर सिर्फ पेड़ों की छंटाई और छोटे काम शुरू हो सके हैं। मंगलवार को श्री जनकपुरी महोत्सव कमेटी के पदाधिकारियों ने प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर काम में तेजी लाने की बात कही।
अधिकारियों ने किया काम पूरा कराने का वादा
नगर निगम में नगर आयुक्त निखिल टीकाराम फुंडे और आगरा विकास प्राधिकरण के वीसी चर्चित गौड़ ने पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जनकपुरी आयोजन से पहले सभी काम पूरा करने का वादा किया। कमेटी के अध्यक्ष सुरेश चंद्र गर्ग ने भगवान श्री गणेश जी की शोभायात्रा के मार्ग और माता सीता जी के डोला भ्रमण वाले मार्ग पर पहले विद्युत व्यवस्था, सड़क निर्माण और मरम्मत का काम कराने की बात रखी।
नगर आयुक्त निखिल टीकाराम फुंडे और एडीए के वीसी चर्चित गौड़ ने अपने मातहतों को तत्काल दिशा निर्देश जारी किए। अधिकारियों से मिलने वालों में कमेटी के महामंत्री मनोज अग्रवाल, राम चरन शर्मा, राजीव जैसवाल, उपाध्यक्ष दिनेश नौहवार, कार्यालय प्रभारी तिलकधारी शर्मा, पार्षद अमित दिवाकर आदि मौजूद रहे।
जो टेंडर हुए, उनका काम शुरू हो
श्री जनकपुरी महोत्सव कमेटी के अध्यक्ष सुरेश चंद्र गर्ग का कहना है कि समिति चाहती थी कि नगर निगम की ओर से जो टेंडर हो गए हैं, उन्हें जल्द क्रियान्वित कर मरम्मत और निर्माण कार्य कराया जाए।
अभी तमाम काम बाकी
समिति के संयोजक भरत शर्मा ने बताया कि नाली, खड़ंजे और सौंदर्यीकरण के तमाम काम होने हैं। कॉलोनियों के लोग भी काफी सहयोग कर रहे हैं।