Agra News: किसान दिवस में उठा नकली DAP का मुद्दा, एसआईटी जांच की मांग
किसानों ने फसल बीमा योजना का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने बीमा कंपनी से बारिश के बर्बाद हुई खरीफ की फसलों के नुकसान के सर्व की सूची को सार्वजनिक करने की मांग की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के बिचपुरी कस्बे में स्थित आरबीएस कॉलेज के कृषि विज्ञान केंद्र के सभागार में बुधवार को किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान किसानों ने नकली डीएपी का मुद्दा उठाया। किसानों ने अधिकारियों से नकली डीएपी बेचने वालों के स्रोत पता करने के लिए एसआईटी से जांच कराने की मांग की है। अधिकारियों ने प्रकरण में सीडीओ और एसएसपी से वार्ता करने की बात कही है।
किसान नेता मुकेश डागुर ने किसान दिवस में फतेहपुर सीकरी में सरकारी गोदाम से नकली डीएपी बिकने की बात उठाई। मुकेश डागुर ने कहा कि सरकारी गोदाम से नकली डीएपी बिकना दुर्भाग्य की बात है। उन्होंने नकली डीएपी बिकवाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही। डागुर ने कहा कि नकली डीएपी कहां से आती है, इसका पता लगाने के लिए एसआईटी व एसओजी से जांच करानी चाहिए। इसके बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
वहीं उन्होंने कहा कि कालाबाजारी होने के कारण 1350 रुपये की डीएपी 1700 रुपये में मिल रही है। इसके अलावा किसानों ने फसल बीमा योजना का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने बीमा कंपनी से बारिश के बर्बाद हुई खरीफ की फसलों के नुकसान के सर्व की सूची को सार्वजनिक करने की मांग की। सूची सार्वजनिक नहीं करने पर बीमा कंपनी के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर करने की चेतावनी दी है। किसान नेता सोमवीर यादव ने पानी की समस्या को उठाया।
सोमवीर यादव ने अधिकारियों से आगरा में बैराज बनवाने की मांग की है। वहीं किसान संघ के प्रदेश मंत्री मोहन सिंह चाहर ने किसान दिवस में जिलाधिकारी व सीडीओ के नहीं आने पर नाराजगी व्यक्त की। चाहर ने कहा कि शासन का निर्देश है कि किसान दिवस में जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी का उपस्थित रहने अनिवार्य है, लेकिन डीएम और सीडीओ किसान दिवस में भाग नहीं ले रहे हैं, जिसकी वजह से किसान दिवस में किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर उप निदेशक कृषि पुरूषोतम मिश्रा, जिला विकास अधिकारी राजकुमार कुमार, उद्यान विभाग के उप निदेशक कौशल कुमार नीरज, कृषि रक्षा इकाई डॉ. महावीर प्रसाद, मंडी सचिव शिवकुमार राघव, ऋषि कुमार, के अलावा विद्युत विभाग तथा बीमा कंपनी के अधिकारी मौजूद रहे। जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार सिंह ने बताया है कि महंगी डीएपी बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की है।