अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: ताजनगरी में क्रीड़ा भारती 20 हजार लोगों को कराएगी योग
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर ताजनगरी के पार्कों में शिविर लगेंगे, जिनमें कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराते हुए योग कराया जाएगा। ऑनलाइन योग भी कराया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सोमवार को शहरभर के पार्कों में लोग योग करेंगे। क्रीड़ा भारती संस्था ऑनलाइन योग का आयोजन भी कर रही है। शहर के पार्कों और फेसबुक लाइव के माध्यम से करीब 20 हजार लोगों को योग कराया जाएगा। संस्था से जुड़े दो दर्जन योगाचार्य लोगों को आसन कराने के साथ उसका महत्व भी बताएंगे।
अरविंद योगा केंद्र, अमल गार्डन पर सुबह साढ़े छह बजे से योग होगा। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सह प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र, सांसद राजकुमार चाहर, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, ब्रज प्रांत के विशेष संपर्क प्रमुख अशोक कुलश्रेष्ठ शिरकत करेंगे।
क्रीड़ा भारती ब्रज प्रांत के अध्यक्ष डॉ. सत्यदेव पचौरी, मंत्री राजेश कुलश्रेष्ठ, ब्रज प्रांत की महिला प्रमुख रीना सिंह ने बताया है कि पूरे जिले और महानगर में 24 अलग-अलग स्थानों पर क्रीड़ा भारती के कार्यकर्ता योग कराएंगे। क्रीड़ा भारती ने एक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन भी लिंक दिया है। रजिस्ट्रेशन कराने पर ई सर्टिफिकेट जारी होगा।
क्रीड़ा भारती के विभाग संयोजक लव तिवारी और महानगर अध्यक्ष परमजीत सरना ने बताया कि अमल गार्डन पश्चिम पुरी, लॉयर्स कॉलोनी तिकोना पार्क, शास्त्रीपुरम ई ब्लॉक, सेक्टर-8 आवास विकास कॉलोनी, दुर्गा मंदिर, नामनेर, सरला बाग, विजय नगर, यमुना किनारा, देवरी रोड आदि स्थानों पर कार्यक्रम होंगे।
जागरूक करेंगे लोगों को
क्रीड़ा भारती के संयुक्त जिला अध्यक्ष रीनेश मित्तल ने बताया कि क्रीड़ा भारती की कोशिश है कि सोमवार के दिन जो लोग योग की शुरुआत कर रहे हैं, वह हर रोज योग करें। इसके लिए क्रीड़ा भारती की ओर से लगातार जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया जाएगा।
शरीर मजबूत बनाता है हास्य योग: योगाचार्य परमजीत
योगाचार्य परमजीत सरन हास्य योग को लोगो के लिए सबसे मजबूत योग मानते हैं। शहर और शहर से बाहर होने वाले 100 से अधिक योग कार्यक्रमों में परमजीत लाखों लोगों को हास्य योग के माध्यम से हंसा चुके हैं। नियमित रूप से योग करने वाले लोगों की दिनचर्या में यह योग खासतौर से शामिल हो चुका है।
योगाचार्य परमजीत कहते हैं कि तनाव दूर करने में हास्य योग बड़ी भूमिका निभाता है। इससे लोगों को जहां सुकून मिलता है, वहीं भागदौड़ भरी जिंदगी में वह अपने लिए सुकून के दो पल निकाल लेते हैं। हास्य योग में कुछ मुद्राएं होती हैं। इनमें से सांस अंदर भरकर और साइलेंट लॉफिंग की जाती है। इससे जहां मनोरंजन होता है, वहीं शरीर भी मजबूत बनता है।