आगरा के शहीद पृथ्वी की अंतिम विदाई: फूलों से सजे वाहन में आया पार्थिव शरीर, श्रद्धांजलि में उमड़ा आंसुओं का सैलाब
शहर से लेकर देहात तक के लोगों ने घर पहुंचकर शहीद पृथ्वी सिंह चौहान के चित्र पर पुष्प अर्पित श्रद्धांजलि दी।सरन नगर से शहीद का पार्थिव शरीर ताजगंज मोक्षधाम के लिए ले जाया गया। अंतिम यात्रा में हजारों लोग शामिल हुए।
विस्तार
देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत के साथ हेलीकॉप्टर हादसे में शहीद हुए आगरा के विंग कमांडर पृथ्वी सिंह का पार्थिव शरीर शनिवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे खेरिया एयरपोर्ट पर पहुंचा। यहां केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल, एयर कमांडिंग ऑफिसर एओआईसी एसके वर्मा व पैरा कमाण्डों और स्पेशल फोर्सेज के जवानों ने सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। करीब 11.30 बजे तक श्रदांजलि अर्पित की गई। इस दौरान तमाम पुलिस प्रशासन सेना के अधिकारी मौजूद रहे। यहां से उनका शरीर फूलों से सजे सैन्य वाहन में एमजी रोड होते हुए दयालबाग स्थित घर लाया गया।
शहीद विंग कमांडर का शव पहुंचने से पहले ही श्रद्धांजलि देने के लिए उनके घर पर हजारों लोगों की भीड़ जुट गई थी। जैसे शव पार्थिव शरीर पहुंचा, सरन नगर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। शुक्रवार को भी दिनभर सरन नगर में लोगों की भीड़ जुटी रही। भगवान टॉकीज चौराहे से लेकर दयालबाग रोड तक सैकड़ों लोग कतार में खड़े थे। हर व्यक्ति को गर्व महसूस हो रहा था।
सरन नगर में गूंज रहे देशभक्ति के नारे
शहर का लाल मातृभूमि के लिए सर्वोच्च बलिदान दे गया। उनकी आंखें नम थीं, मन में गर्व के भाव थे। जब तक सूरज चांद रहेगा, पृथ्वी तुम्हारा नाम रहेगा, भारत माता की जय, इंकलाब जिंदाबाद...के नारे लगाए। लोगों को रोकने के लिए पुलिस को मार्ग पर बैरिकेडिंग करनी पड़ी।
सरन नगर स्थित बीटा ब्रेड वाली गली निवासी विंग कमांडर आठ दिसंबर को तमिलनाडु के कुन्नूर में सीडीएस जनरल बिपिन रावत के साथ हेलीकॉप्टर हादसे में शहीद हो गए थे। तभी से उनके घर पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है। परिवार के लोग, रिश्तेदार, दोस्त, पड़ोसी और जनप्रतिनिधि आ रहे हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी आए थे।
परिवार का दर्द बांटने पहुंचीं वीरांगनाएं
शहीद विंग कमांडर के परिवार से मिलने पुलवाना शहीदों की वीरांगनाएं भी उनके घर पहुंचीं। आगरा के पुलवामा शहीद कौशल कुमार रावत की वीरांगना ममता रावत के साथ ही औरैया से वीरांगना आरजू और उन्नाव से वीरांगना प्रतिभा उनके परिजनों से मिलीं और सांत्वना दी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.