आगरा हुआ पानी-पानी: हाईवे से लेकर गलियों तक चली धारा, गड्ढों में गिरकर चोटिल हुए लोग; गर्मी से मिली राहत
बारिश से आगरा शहर पानी-पानी हो गया। हाईवे से लेकर गलियों तक पानी की तेज धारा बही। गड्ढों में गिरकर लोग चोटिल हुए। हालंकि गर्मी से राहत भी मिली।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के आगरा में एक घंटे की बारिश में बुधवार को नेशनल हाईवे से लेकर गलियों में पानी भर गया। हाईवे पर सुल्तानगंज पुलिया फ्लाईओवर पर दो फीट तक पानी था तो रुनकता और ग्वालियर रोड के हाईवे नहरों की तरह नजर आए। शहर की सड़कों और गलियों में भी जलभराव के कारण गड्ढे नजर नहीं आए, जिनमें कई वाहन चालक गिरकर चोटिल हो गए।
शहर में बुधवार दोपहर में हुई बारिश के कारण कैलाशपुरी मोड़, मदिया कटरा रोड, हलवाई की बगीची, गुरुद्वारा गुरु के ताल के सामने, सुल्तानगंज पुलिया, न्यू आगरा, भगवान टॉकीज सर्विस रोड, खंदारी मास्टर प्लान रोड, रामनगर चर्च रोड, तोता का ताल, अग्रवन पर लाल मस्जिद के सामने, सेंट जोंस लोहामंडी रोड, ट्रांसपोर्ट नगर, सिकंदरा हाईवे पर कामायनी हॉस्पिटल के पास, गोकुलपुरा, कंसगेट, राजा मंडी, अवधपुरी, अलबतिया रोड, सुभाष नगर, शंकरगढ़ की पुलिया पर जलभराव हो गया।
मेट्रो एंड मेट्रो के सामने नाले में गिरा युवक
बारिश के बाद सड़कों पर जलभराव हुआ तो खुले पड़े नाले और गड्ढे नजर नहीं आए। हलवाई की बगीची में मेट्रो एंड मेट्रो के सामने बाइक सवार नाले में गिर गया, जिसे कंपनी के कर्मचारियों ने बमुश्किल निकाला। एक घंटा नाले में गिरी मोटर साइकिल को निकालने में लग गया, वहीं बाइक सवार के काफी चोट आई। इसी तरह राजा मंडी में बाइक सवार राजीव वर्मा गिर गए।
दयालबाग की कॉलोनियों में भरा पानी
दयालबाग क्षेत्र के राहुल विहार कॉलोनी, कल्याणी हाइट्स वाले मोड़ पर, नगला बघेल रोड, मंगलम एस्टेट, पुष्पांजलि कॉलोनी के सामने जलभराव हो गया। नालों के चोक होने के कारण यह दयालबाग के लोगों को यह परेशानी झेलनी पड़ी, जबकि यहां से यमुना नदी नजदीक है।
गोकुलपुरा में नाले की तरह तेज बहाव
गोकुलपुरा कंस गेट पर गलियों में नाले का पानी तेजी से निकला। बेहद तेज बहाव के कारण बच्चे बहने से बच गए। जिस समय तेज बहाव आया, बच्चे गलियों में थे। उनके अभिभावकों ने गोद में लेकर घर पहुंचाया। किसी पहाड़ी नाले की तरह गोकुलपुरा में पानी का तेज बहाव नजर आया। क्षेत्र के पूर्व पार्षद राजेश प्रजापति ने नगर निगम से नाले की सफाई कराने की मांग की।जलभराव दूर कराने दौड़ाई टीमें
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने जलभराव के बाद अपर नगर आयुक्त सुरेंद्र प्रसाद यादव समेत अधिकारियों को फील्ड में दौड़ाया। मदिया कटरा रोड, वाटरवर्क्स चौराहा, शाह मार्केंट, सुल्तानगंज की पुलिया, मुगलरोड और चर्च रोड आदि जगहों पर सफाई कर्मचारी पहुंचे और नालों से कतरनें, पाॅलिथीन हटाकर निकासी कराई। एक घंटे में पानी की निकासी का नगर निगम अधिकारियों ने दावा किया।