बेवर (मैनपुरी)। कस्बा में एक दिन पहले एक साथ पांच कोरोना संक्रमित मिलने के बाद बुधवार को नोडल अधिकारी ईश्वर चंद्र कस्बा में पहुंचे। नोडल अधिकारी ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सीएचसी और हॉटस्पॉट एरिया का निरीक्षण किया।
बुधवार को शासन द्वारा नियुक्त कोरोना नोडल अधिकारी ईश्वरचंद्र सचिव मथुरा विकास प्राधिकरण ने प्रशासनिक अधिकारी तहसीलदार कमल कुमार सिंह के साथ दोपहर दो बजे सीएचसी बेवर का निरीक्षण किया। यहां कोविड-19 के तहत चल रही जांच को लेकर कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे पूरे एहतियात के साथ कोरोना सैंपल लें। इसके बाद उन्होंने हॉटस्पॉट एरिया सब्जीमंडी, पुराना बाजार, इटावा रोड, बाईपास तथा टीचर्स कॉलोनी का निरीक्षण किया। यहां पर उन्होंने अधिशासी अधिकारी दुर्गेश कुमार को साफ-सफाई और सैनिटाइजेशन के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्साधीक्षक डॉ. मनीष प्रताप सिंह, डॉ. स्नेहिल त्रिपाठी को निर्देश दिए कि वे हॉटस्पॉट एरिया में जरूरी सेवाओं की नंबर लिस्ट लगाएं और संबंधित क्षेत्र में किस कर्मचारी की ड्यूटी है, ये भी दर्ज किया जाए। इस दौरान नगर में जिन स्थानों को सील किया गया है उनका भी निरीक्षण किया गया। मौके पर ईओ दुर्गेश कुमार सिंह,घ ब्लॉक नोडल अधिकारी जेपी पाल, प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह सिरोही समेत चिकित्साकर्मी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।