सऊदी अरब में नौकरी को गए युवकों संग उत्पीड़न, वीडियो भेजकर मांगी भारत सरकार से मदद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सऊदी अरब में जिले और अन्य जनपदों समेत छह युवकों को बंधक बनाया गया है। उत्पीड़न के चलते केमिकल फैक्टरी में काम न करने पर उन्हें कई दिनों से भूखा रखा गया। साथ ही उनकी पिटाई भी की गई। अब उनके वीजा और अन्य कागजात लेने के बाद फैक्टरी मालिक ने सभी को बाहर निकाल दिया है।
पीड़ितों ने वीडियो जारी करके प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से वतन वापसी कराने की गुहार लगाई है। साथ ही जान को खतरा भी बताया है। किशनी के युवक की पत्नी ने एसडीएम से मिलकर गुहार लगाई है।
किशनी थाना क्षेत्र के गांव बिरतिया निवासी आनंद बाथम (30) नौकरी के लिए 17 मार्च को सऊदी अरब गए थे। परिजनों के अनुसार रियाद शहर में उसे एक केमिकल फैक्टरी में नौकरी मिल गई, लेकिन काम करने के बाद भी फैक्टरी मालिक ने उसे वेतन नहीं दिया।
बार-बार वेतन मांगने पर उसकी पिटाई शुरू कर दी गई। उत्पीड़न का विरोध किया तो उसके साथ छह युवकों को बंधक बनाकर जमकर पीटा गया। जबरन काम कराया गया। शनिवार को सभी के वीजा और अन्य कागजात लेकर फैक्टरी मालिक ने उन्हें बाहर निकाल दिया।
इसके बाद आनंद बाथम ने सामूहिक रूप से वीडियो बनाकर अपने परिजनों को उत्पीड़न के बारे में बताया। साथ ही प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से वतन वापसी कराने की गुहार लगाई। वहीं वीडियो मिलने के बाद पत्नी रानी ने एसडीएम से मुलाकात करके मदद की गुहार लगाई है।
आनंद ऐसे पहुंचा सऊदी
आनंद बाथम की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। वह इधर उधर नौकरी की तलाश में घूम रहा था। इसी बीच उसकी मुलाकात लखनऊ निवासी मुमताज से हुई थी। उसने सऊदी अरब में अच्छी नौकरी दिलाने की बात कही। वीजा बनवाने के लिए करीब डेढ़ लाख रुपये लिए।
पांच मार्च को आनंद दुबई जाने के लिए घर से निकला। मुंबई में कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद 17 मार्च को वह दुबई के लिए रवाना हो गया था। तुरंत बाद ही उसे रियाद शहर में केमिकल फैक्टरी में नौकरी भी मिल गई। उत्पीड़न के बाद मुमताज वहां से भाग खड़ा हुआ।
आनंद की पत्नी ने स्थानीय पत्रकारों की बातचीत आनंद से कराई। रियाद से आनंद ने बताया कि मुंबई से सात लोगों के साथ दुबई आया था। फतेहपुर के मुकेश तिवारी, बलरामपुर के रजबुद्दीन, सीतापुर के नौरद्दीन, उन्नाव के राहुल सक्सेना, सचिन और प्रमोद सक्सेना उसके साथ फंसे हुए हैं। उसने बताया कि नौरद्दीन वहां से भाग गया है, वह कहां गया इस संबंध में पता नहीं है।
परिजनों का रो-रो कर है बुरा हाल
सऊदी अरब में आनंद के उत्पीड़न की खबर के बाद से परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है। आनंद के पांच साल की बेटी पल्लवी, चार साल का बेटा आयुष और दो वर्षीय बेटी दिव्या है। वहीं दो भाइयों में आनंद बड़ा है। पिता विजय पाल की मौत हो चुकी है। भाई राहुल पंजाब प्राइवेट नौकरी करने लगा गया। वहीं आनंद सऊदी अरब पहुंच गया।
प्रेमप्रकाश, एसडीएम किशनी का कहना है कि मामले को उच्चाधिकारियों के साथ ही शासन को अवगत कराया जाएगा। कार्रवाई शासन स्तर से होनी है। पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद कराई जाएगी।