मैनपुरी। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी अमृतसर की तरफ से ऑल इंडिया सिख धर्म अध्ययन परीक्षा सत्र 2017-19 में मैनपुरी की दिव्यांग बेटी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। मंगलवार को पंजाबी कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा में उसेे पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
फरवरी 2019 में ऑल इंडिया सिख धर्म अध्ययन परीक्षा सत्र 2017-19 का आयोजन देश भर में किया गया था। इस परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। परीक्षा में नगर निवासी गुरप्रीत कौर पुत्री स्वर्गीय स्वर्णजीत कौर ने प्रथम स्थान पाया है। गुरप्रीत कौर पैरों से दिव्यांग हैं। मंगलवार को पंजाबी कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा में सभा का आयोजन हुआ। इसमें अमृतसर से आए पंथ प्रचारक सतवंत सिंह ने गुरप्रीत कौर को 5100 रुपये का नकद पुरस्कार व प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। ज्ञानी ब्रिजपाल सिंह, सरदार रविंद्र सिंह, राजू अरोरा, ज्ञानी इंद्रजीत सिंह, ज्ञानी अविनाश सिंह, मान सिंह, जनक सिंह आदि ने भी गुरप्रीत को बधाई दी।