Etah: नील गाय को बचाने के चक्कर में पलट गई कार, अस्थि विसर्जन करने जा रहे नाती की मौत, छह घायल
जिले के मिरहची थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव सिरसा टप्पू के पास रविवार सुबह बड़ा हादसा हुआ। अचानक सड़क पर आई नील गाय के बचाने के चक्कर में कार पलट गई। इस हादसे में कार सवार युवक की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हुए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एटा के मिरहची थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव सिरसा टप्पू के पास रविवार तड़के एक तेज रफ्तार कार नील गाय को बचाने के चक्कर में पलट गई। ग्वालियर (मध्यप्रदेश) के लोग एक महिला की अस्थि विसर्जन करने कछला घाट जा रहे थे। हादसे में मृतका के नाती की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए।
ग्वालियर जनपद के सुसारा निवासी राजकिरण ने पोस्टमार्टम हाउस पर रविवार को बताया कि उनकी दादी शांतीबाई का तीन मई को निधन हो गया था। उनकी अस्थियों का विसर्जन करने के लिए बड़े भाई 29 वर्षीय मुनेंद्र अपनी पत्नी दिया सहित दीपा, मंजू, कुसुम व शकुंतला के साथ कासगंज के कछला छाट पर स्कॉर्पियो कार में जा रहे थे। मिरहची थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिरसा टप्पू के पास रविवार सुबह करीब चार बजे कार पहुंची थी। इस दौरान एक नीलगाय सड़क पर आ गई।
घायलों को मेडिकल कॉलेज में कराया गया भर्ती
नील गाय को बचाने के चक्कर में कार अनियंतित्रत होकर पलट गई। इसमें कार सवार सभी घायल हो गए। जिनको मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां चिकित्सक ने मुनेंद्र को मृत घोषित कर दिया। मिरहची थाना प्रभारी सीपी सिंह ने बताया कि नील गाय से एक कार टकराकर पलट गई, इसमें कार सवार छह लोग घायल हो गए, जबकि एक युवक की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
एक वर्ष पूर्व हुई थी मुनेंद्र की शादी
अस्थि विसर्जन को कार से कछला गंगा घाट जा रहे लोगों की कार पलटने से मुनेंद्र की मौत हो गई। पोस्टमार्टम हाउस पर मृतक के परिजनों ने बताया कि 29 वर्षीय मुनेंद्र की शादी एक वर्ष पूर्व ही हुई थी। उनका हंसता-खेलता परिवार था। जो एक झटके में उजड़ गया। बताया गया है कि वह लोग राजनीति में भी सक्रिय हैं। मृतक मुनेंद्र ठेकेदारी करते थे। दादी की अस्थि विसर्जन में सभी जा रहे थे। क्या पता था ऐसी होनी हो जाएगी। उन्होंने बताया मृतक की पत्नी को अभी नहीं बताया है कि मुनेंद्र की मौत हो गई है। अस्पताल में वह बार-बार उन्हीं के बारे में पूछ रही है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत
वहीं दूसरी घटना में अवागढ़ थाना क्षेत्र के गांव वसुंधरा निवासी विकास बाबू ने कोतवाली देहात में दी तहरीर में बताया उसके 45 वर्षीय पिता मदनलाल शनिवार की देर शाम कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव रुहासी में रिश्तेदारी में जा रहे थे। इस दौरान कमसान मंदिर के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें लेकर मेडिकल कॉलेज आए। वहां चिकित्सक ने मृत बता दिया। कोतवाली देहात प्रभारी जगदीश चंद्र ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से व्यक्ति की मौत होना परिजनों ने बताया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।