Agra: रंगबाजों ने बेटे के सामने पिता को पीटा, लूट ले गए नकदी, बचाने आए फर्नीचर व्यवसायी को भी मारा
आगरा में रंगबाज युवकों ने बेटे के सामने पिता को पीटा और उसके पास से नकदी लूट ले गए। इस दौरान बचाने आए फर्नीचर व्यवसायी की भी पिटाई कर दी। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के आगरा में एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के चार सैयद इलाके में बुधवार रात को बेटे के सामने पिता को रंगबाज युवकों ने पीटा। 12 हजार रुपये छीन लिए। विरोध पर बेटे को भी धक्का दे दिया। एक दुकानदार ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसे भी पीट दिया। लोगों के जुटने पर आरोपी भाग गए। मामले में तीन नामजद के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
संतोष नगर, नरायच निवासी ओमवीर शर्मा ने केस दर्ज कराया। इसमें छोटू पंडित, वीर कुशवाहा, अजय जाट और अन्य व्यक्ति को आरोपी बनाया। ओमवीर ने पुलिस को बताया कि वह बुधवार रात को चार सैयद चौराहे पर नौ साल के बेटे नैतिक शर्मा के साथ फर्नीचर की दुकान पर सामान खरीदने आए थे। वह रुपये गिन रहे थे।
बचाने आए फर्नीचर व्यवसायी को भी पीटा
इसी समय नामजद आरोपी स्कूटर से आ गए। उन्होंने 12 हजार रुपये छीन लिए। विरोध पर मारपीट की। बेटे ने रोकने की कोशिश की, लेकिन उसके साथ भी हाथापाई की तो वह गिर गया। फर्नीचर व्यवसायी यतेंद्र कुमार बचाने आए। उनको भी पीटा। शोर होने पर लोग आ गए। इस पर आरोपी भाग निकले।
मारपीट और लूट की धारा में मामला दर्ज
एसीपी आरके सिंह ने बताया कि मारपीट और लूट की धारा में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। छोटू पंडित एक बार दरोगा से भिड़ गया था। उसका वीडियो वायरल हुआ था। पूर्व में उसे भाई के साथ जेल भेजा गया था। वह एक महीने पहले ही छूटकर आया है।