मथुरा: कमरे में फंदे से लटका मिला छात्रा का शव, तेज आवाज में बज रहा था म्यूजिक सिस्टम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मथुरा जिले के थाना रिफाइनरी क्षेत्र की कृष्णकुंज कॉलोनी रॉची बांगर में छात्रा का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। उसके गले में साड़ी का फंदा लगा हुआ था। म्यूजिक सिस्टम की आवाज कमरे में गूंज रही थी। पत्नी को दवा दिलवाकर लौटे भाई ने कमरे का दरवाजा खटखटाया।
दरवाजा न खुलने पर मोबाइल पर भी फोन भी किया। बाद में पड़ोसी के घर से अंदर झांककर देखा तो भाई दंग रह गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पंखे से उतारकर कब्जे में लिया। भाई ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस प्राथमिक जांच में आत्महत्या मान रही है।
थाना रिफाइनरी की कृष्णकुंज कॉलोनी निवासी सुलेंद्र सिंह सीआईएसएफ (सिपाही) में हैं। वह नोएडा के सेक्टर-18 मेट्रो स्टेशन पर तैनात हैं। वह पत्नी के साथ नोएडा में रहते हैं। बेटी कल्पना (18) भाई और भाभी के साथ मथुरा में रहती थी। 12 वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा का रविवार की दोपहर शव पंखे से लटका देख भाई दंग रह गया।
सूचना पर थाना रिफाइनरी प्रभारी निरीक्षक सुरेश चंद भी पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पंखे से उतारकर कब्जे में लिया। बेटी की मौत की खबर मिलते ही मां-पिता भी आ गए। सीओ रिफाइनरी अभिषेक तिवारी ने बताया कि छात्रा ने आत्महत्या की है, लेकिन अभी इसका कारण स्पष्ट नहीं हुआ है।
तीन भाइयों की इकलौती बहन थी कल्पना
तीन भाइयों की इकलौती बहन द्वारा सुसाइड कर लेने की घटना से पूरा परिवार सदमे में है। सबसे बड़ा भाई जितेंद्र सिंह, दूसरे नंबर का भाई त्रिवेंद्र सिंह और तीसरे नंबर का भाई सूरज सिंह है। इकलौती बहन की मौत पर तीनों भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सुसाइड नहीं, बल्कि उनकी बहन की हुई हत्या
मृतका छात्रा के सबसे बड़े भाई जितेंद्र सिंह का आरोप है कि उनकी बहन ने सुसाइड नहीं किया है। उसकी हत्या की गई है। अंतिम संस्कार के बाद थाना रिफाइनरी में तहरीर दी जाएगी। उनकी बहन की मौत से पहले डेढ़ घंटे तक उसकी किससे बात हुई है, यह पुलिस जांच करके सच सामने लाएगी।