G-20: आगरा को झटका, संवरने से रह गया शहर; वाराणसी को मिला मेजबानी का मौका
महिला सशक्तीकरण पर हुई जी-20 की बैठक में आगरा ने मेजबानी की थी। इसके बाद अगस्त में संस्कृति मंत्रियों की बैठक आगरा में ही प्रस्तावित करने की घोषणा की गई थी, लेकिन अब इसे वाराणसी शिफ्ट कर दिया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फरवरी तो ट्रेलर है, असली काम तो अगस्त में होंगे, जब जी-20 की बैठक में हिस्सा लेने संस्कृति मंत्रियों का समूह आगरा आएगा। इन दावों के उलट अब आगरा को बड़ा झटका लगा है। एमजी रोड, नेशनल हाइवे समेत शहर के 100 से ज्यादा चौराहों को संवारने की कवायद कर रहे सरकारी विभागों की योजनाएं अब बंद हो सकती हैं। आगरा की जगह वाराणसी में प्रस्तावित जी-20 के संस्कृति मंत्रियों और वर्किंग ग्रुप की बैठक के कारण आगरा संवरने से रह जाएगा।
अगस्त में प्रस्तावित बैठक के लिए नगर निगम को खेरिया एयरपोर्ट से एमजी रोड, एत्माददौला से सिकंदरा स्मारक के बीच नेशनल हाइवे तक की सूरत बदलने का टास्क मिला था, वहीं अगस्त में मानसून की जोरदार बारिश की आशंका के कारण खेरिया एयरपोर्ट से सिकंदरा के बीच के सभी नालों की तलीझाड़ सफाई की जिम्मेदारी थी। पहली बार खेरिया एयरपोर्ट के गेट पर बने भूमिगत नाले की वबाग की सुपरसकर मशीन से ऐसी सफाई कराई गई कि एक इंच भी सिल्ट नहीं बची।
इसी तरह की सफाई एमजी रोड की 100 फुट चौड़ी पुलिया के नीचे कराने की कवायद होनी है, पर जी-20 बैठक के आगरा की जगह वाराणसी जाने के कारण यह सभी काम अब रफ्तार नहीं पकड़ सकेंगे। शनिवार को मंडलायुक्त अमित गुप्ता ने जी-20 के लिए होने वाले निरीक्षण को भी निरस्त कर दिया। इस बीच अब माना जा रहा है कि वाराणसी में जी-20 बैठक में शामिल होने वाले विदेशी मेहमान ताजमहल देखने के लिए आगरा सकते हैं। इस दौरान वे केवल महज कुछ ही गुजार सकते हैं।
ये भी पढ़ें - नशा मुक्ति केंद्र में युवक की मौत: पिटाई के समय बंद कर दिए जाते थे कैमरे, संचालक के खिलाफ दी गई तहरीर
पहले भी आगरा को लग चुका झटका-
- प्रो-पूअर टूरिज्म में आगरा की 167 करोड़ रुपये की पर्यटन योजनाएं सारनाथ और कुशीनगर शिफ्ट।
- आगरा में प्रस्तावित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय गाजियाबाद में ही बना रह गया।
- नियमित हो चुका बर्ड फेस्टिवल और बैलून फेस्टिवल आगरा की जगह अन्य शहरों में होने लगा।
- कैलाश से ताज तक यमुना की ड्रेजिंग के लिए आया ड्रेजर लखनऊ भेज दिया गया।
ये बोले पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोग
टूरिज्म गिल्ड आफ आगरा के अध्यक्ष राजीव सक्सेना ने बताया कि यह आगरा के लिए बड़ा झटका है। केंद्र और प्रदेश सरकार के लिए आगरा प्राथमिकता में है भी नहीं। ऐसे में संस्कृति मंत्रालय की महत्वपूर्ण बैठक आगरा में होती, इस पर पहले से ही संदेह था। कम से कम आगरा में जी-20 के नाम पर कुछ काम तो हो जाते। वहीं होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश चौहान ने बताया कि जिस तरह से फतेहाबाद रोड को फरवरी में चमकाया गया, वैसी ही उम्मीद हम एमजी रोड और सिकंदरा तक हाइवे की लगाए हुए थे, पर जी-20 का कार्यक्रम में वाराणसी होने के कारण यह भी मुश्किल है। अब तो सफाई भी होने से रही।