आगरा: ट्रेडिंग गुरु बनकर की सात लाख रुपये की धोखाधड़ी, पीड़ित युवक ने दर्ज कराया मुकदमा
साइबर अपराधी ने ट्रेडिंग गुरु बनकर कॉल किया था। एकाउंट की आईडी और पासवर्ड लेकर युवक का सात लाख रुपये का नुकसान करा दिया।
विस्तार
आगरा में खेरिया मोड़ के रहने वाले युवक के साथ ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर धोखाधड़ी कर ली गई। ट्रेडिंग गुरु बनकर अहमदाबाद के युवक ने उनसे दोस्ती की। इसके बाद ट्रेडिंग एकाउंट खुलवाकर आईडी और पासवर्ड ले लिया। सात लाख का घाटा होने पर पीड़ित ने शिकायत की। मगर, युवक टालमटोल करता रहा। उन्होंने थाना शाहगंज में मुकदमा दर्ज कराया है।
खेरिया मोड़ निवासी सत्येंद्र सिंह ने साइबर थाना में शिकायत की थी। उन्होंने बताया था कि उनके मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने अपना नाम अखिलेश श्रीवास्तव बताया। कहा कि वो अहमदाबाद में रहता है। वह इक्विटी और शेयर टिप्स देता है। शेयर, एमसीएक्स में रुपये लगाने पर 50 हजार से लेकर एक लाख तक रोजाना कमाई करवा सकता है। इस पर उससे बात होने लगी।
ऐसे कराया नुकसान
आरोपी के कहने पर सत्येंद्र सिंह ने ऑनलाइन कमोडिटी एंड इक्विटी ट्रेडिंग में एकाउंट खोल लिया। अखिलेश ने आईडी और पासवर्ड ले लिया। उन्होंने एकाउंट में अपने रुपये जमा करने शुरू कर दिए। आरोपी उनके एकाउंट से ट्रेडिंग करता रहा। मगर, अखिलेश ने 20 दिसंबर 2020 से पांच जनवरी तक सात लाख का नुकसान करा दिया। बाद में वो गुमराह करता रहा।
कंपनी में ईमेल करने पर चार लाख रुपये वापस आने की बात कही, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। नियम विरुद्ध ट्रेडिंग की वजह से कंपनी ने 3.95 लाख की पैनल्टी लगा दी। वह झूठा आश्वासन देता रहा। साइबर थाना पुलिस ने जांच की। इसके बाद रिपोर्ट दी। इस पर पीड़ित की तहरीर पर थाना शाहगंज में धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज किया गया है।
सीओ लोहामंडी एएसपी सत्य नारायण का कहना है कि विवेचना साइबर थाना से कराई जा रही है। साक्ष्य संकलन किया जा रहा है।