सेहत से खिलवाड़: आगरा में बेचा जा रहा था नकली रिफाइंड और सरसों का तेल, चार दुकानदार पकड़े
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने पुलिस के साथ मोती गंज बाजार में दुकानों पर छापा मारा। यहां तीन दुकानों पर 15 किलोग्राम के टिन पर कंपनी के स्टीकर लगाकर नकली रिफाइंड और सरसों के तेल बिक्री हो रही थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में मोबिल ऑयल के बाद रिफाइंड और सरसों का तेल भी नकली बेचा जा रहा है। पुलिस ने बुधवार को मोती गंज बाजार में तीन दुकानों पर छापा मारा। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कंपनी के नाम के नकली स्टीकर लगाकर 15 किलोग्राम के टिन में बेचा जा रहा रिफाइंड और सरसों का तेल बरामद कर लिया। इस दौरान चार दुकानदार भी पकड़े गए। इस मामले में एक कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि ने पुलिस को तहरीर दी है।
थाना छत्ता के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पुलिस को मोती गंज बाजार में नकली रिफाइंड और सरसों का तेल बेचने की जानकारी मिली थी। इस पर मोतीगंज बाजार में तीन दुकानों पर छापा मारा गया। दुकानों से नामी कंपनी के स्टीकर लगे 15 किलोग्राम के टिन में नकली रिफाइंड बरामद किया गया। इसके अलावा दुकानों से खाली टिन, ढक्कन, स्टीकर, पैकिंग का सामान आदि बरामद किया गया। रिफाइंड के भरे 18 टिन बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने एसएफ ट्रेडर्स के नाम से दुकान चलाने वाले जीन खाना निवासी मोहम्मद आरिफ, कचहरी घाट निवासी मोहम्मद सद्दाब, मोहम्मद हसीब सहित चार को पकड़ लिया। इनमें से ही एक दुकान से नामी कंपनी के सरसों के तेल की टिन भी बरामद हुईं। उन्हें भी कब्जे में लिया गया। इस मामले में रिफाइंड कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि गौरव तिवारी ने थाना छत्ता में तहरीर दी है।
एफएसडीए की टीम ने जांच को लिए चार नमूने
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के जिला अभिहित अधिकारी अमित सिंह के नेतृत्व में चार नमूने लेकर जांच को भेजे हैं। इसमें सोयाबीन रिफाइंड के तीन और सरसों के तेल का एक नमूना है। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राम आशीष मौर्य, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अवधेश पाराशर, बसंत गुप्ता, रामलखन कुशवाहा, जगदीश नारायण, अजीत कुमार रहे।
ताकत-विटामिन के 240 सिरप भी मिले
गोदाम में विटामिन और ताकत के 240 सिरप भी मिले, जिस पर औषधि निरीक्षक राजकुमार शर्मा पहुंचे। पूछने पर बताया कि यह दवा प्रतिनिधि बारिश के कारण रख गया है। फोन पर उससे बिल मंगलवाए, जिनकी जांच करने पर दुरुस्त पाए। सिरप दव प्रतिनिधि को सुपुर्द कर दिए हैं।
जीन खाना से ही जुड़ा है नकली मोबिल ऑयल का कारोबार
नकली का शहर में पहला मामला नहीं है। इससे पहले मोबिल ऑयल, घी, आटो पार्ट्स, सीमेंट आदि सामान नकली पकड़े जा चुके हैं। इसके बावजूद नकली का धंधा नहीं रुक रहा है। पुलिस गैंगस्टर की भी कार्रवाई कर रही है। नकली मोबिल ऑयल का कारोबार छत्ता के जीन खाना से जुड़ा हुआ है। अब रिफाइंड नकली बेचने का एक आरोपी जीन खाना का ही रहने वाला है।