फिरोजाबाद में कोरोना: अमेरिका से लौटे सॉफ्टवेयर इंजीनियर और उनकी दो बेटियों समेत आठ नए संक्रमित
फिरोजाबाद जिले में भी कोरोना मरीज फिर से बढ़ने लगे हैं। कई महीनों बाद 24 घंटे में आठ नए मरीज मिले हैं। इनमें तीन मरीज विदेश से लौटे हैं। सभी मरीजों को होम आइसोलेट किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फिरोजाबाद जनपद में कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर ने दस्तक दे दी है। यूएसए से लौटे सॉफ्टवेयर इंजीनियर और उसकी दो बेटियों सहित जिले में सोमवार को आठ नए मरीज मिले हैं। 24 घंटे में कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या को देखकर स्वास्थ्य विभाग मे हड़कंप मच गया। कंट्रोल रूम से मरीजों की छानबीन होती रही।
वहीं, सर्विलांस टीमें भी मरीजों के संपर्क में आने वाले लोगों की जांच के लिए पहुंची। संक्रमित पाए गए मरीजों के सैंपल ओमिक्रॉन जांच के लिए लखनऊ भेजे गए हैं। चिकित्सकों की टीम ने जांच के बाद मरीजों को होम आइसोलेट किया है। जनपद में एक्टिव केस बढ़कर 10 हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
अमेरिका से सुहागनगरी में लौटे सॉफ्टेवयर इंजीनियर और उनकी दो बेटियों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। सॉफ्टवेयर इंजीनियर का परिवार 26 दिसंबर को शहर के गणेश नगर में अपने निवास पर लौटा था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सात दिन के लिए क्वारंटीन कर दिया।
दो जनवरी को कराई थी जांच
क्वारंटीन का समय पूरा होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दो जनवरी को सॉफ्टवेयर इंजीनियर के परिवार की कोरोना जांच के लिए सैंपल कराए थे। इसमें तीन लोगों की रिपोर्ट कोरोना संक्रमित पाई गई है। सुहागनगर में अपने मित्र के यहां आए 21 वर्षीय युवक की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है। युवक की रेलवे स्टेशन पर कोरोना जांच कराई गई थी।
दिल्ली से गणेश नगर में आई 24 वर्षीय युवती कोरोना संक्रमित पाई गई है। युवती की मोबाइल टीम ने जांच के लिए सैंपल लिया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की टीम पहुंची। युवती का ओमिक्रॉन जांच के लिए सैंपल लिया। साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों का भी सैंपल लिया गया।
67 वर्षीय चूड़ी व्यवसायी संक्रमित
पैमेश्वर गेट गली नंबर आठ निवासी 67 वर्षीय चूड़ी व्यवसायी की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। शिकोहाबाद एटा रोड निवासी 36 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमित पाया है। युवक नए साल पर दिल्ली से लौटा था। शिकोहाबाद निवासी 35 वर्षीय युवक में संक्रमण की पुष्टि हुई है।
विदेश से आए तीन और लोग
रविवार को रात्रि तीन और लोग विदेश से लौटे हैं। स्वास्थ्य विभाग को खबर मिलीं तो तुरंत ही विदेश से आने वाले लोगों की जांच के लिए टीमें पहुंच गईं। विदेश से आने वाले लोगों को सात दिन के लिए क्वारंटीन किया है। इधर, कोविड कंट्रोल रूम से निगरानी बढ़ाई जा रही है। अभी तक 160 से ज्यादा लोग विदेश से सुहागनगरी में वापस लौटे हैं।
कंट्रोल रूम में बढ़ी हलचल
सीएमओ कार्यालय में कंट्रोल रूम का संचालन हो रहा है। अभी तक विदेश से आने वाले लोगों की निगरानी कोविड रूम से की जा रही है। सोमवार को चार मरीज संक्रमित पाए गए। उसके बाद कंट्रोल रूम में हलचल शुरु हो गई। कंट्रोल रूम से टीमों को रवाना किया गया। शासन को भी रिपोर्ट भेजी गई। इधर, मरीजों को फोन कर ट्रेसिंग भी की गई।
अस्पतालों में बढ़ाई गई सतर्कता
कोविड मरीज निकलने के बाद अस्पतालों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। बिना मास्क के प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। जो मरीज और तीमारदार बिना मास्क के आए थे, उन्हें मास्क लगाकर आने के लिए कहा गया। सभी कर्मचारियों के लिए मास्क पहनना अनिवार्य है।