Agra: ट्रक की टक्कर से जीप के परखच्चे उड़े, महिला सहित चार की मौत, अजमेर से घूमने आ रहे थे ताजमहल
आगरा-जयपुर हाईवे पर फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में टोल प्लाजा के समीप ट्रक ने एक जीप को टक्कर मार दी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। जबकि नौ लोग घायल हो गए।
विस्तार
आगरा-जयपुर हाईवे पर फतेहपुर सीकरी में कौरई टोल प्लाजा के पास शनिवार की सुबह ट्रक की टक्कर से जीप सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए। हादसा ट्रक के ओवरेटक करते समय हुआ। हादसे के बाद चीखपुकार मच गई। इस पर लोग जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। मरने वालों में दो भाई, एक महिला शामिल हैं। सभी ताजमहल देखने आ रहे थे।
अजमेर (राजस्थान) के जवाजा निवासी पैमाराम और उनके भाई हेमराज परिवार के 11 लोगों के साथ से शुक्रवार शाम तकरीबन आठ बजे आगरा सहित अन्य पर्यटन स्थल देखने के लिए निकले थे। उनके साथ गाड़ी के दो चालक प्रवीन और दीपक भी थे। मेहंदीपुर बालाजी मंदिर में दर्शन करने के बाद आगरा के लिए चले थे। उन्हें आगरा के बाद गोरखपुर जाना था।
ट्रक चालक ने किया था ओवरटेक
सुबह तकरीबन छह बजे कौरई टोल प्लाजा के पास भड़कोल मोड पर पीछे से आते ट्रक ने जीप को ओवरटेक किया। इस दौरान जीप में टक्कर लग गई। इससे जीप के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। वहीं हादसे के बाद ट्रक लेकर चालक भाग गया। चीखपुकार मचने पर लोग जुट गए।
पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकाला। कार में सवार पैमाराम (65), उनकी पुत्री तारा देवी (35), भाई हेमराज (60) और चालक प्रवीन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नारायणी देवी, लोकेश कुमार, जगदीश, नरेंद्र कुमार, नैना राम, लक्ष्मण लाल, प्रकाश चंद और चालक राहुल समेत 9 लोग घायल हो गए। उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी भेज दिया।
परिवार में कोहराम
घायल लोकेश ने बताया कि मेहंदीपुर बालाजी से रात दो बजे चले थे। आगरा के बाद गोरखपुर होते हुए बिहार जाना चाहते थे। रास्ता लंबा होने की वजह से दो चालकों को लेकर आए थे। इसके बावजूद हादसा हो गया। यह सोचा नहीं था। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से कोहराम मचा हुआ है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.