आगरा: बोतल पर सैन्य कैंटीन सप्लाई का लेबल लगाकर शराब की तस्करी, पांच तस्कर गिरफ्तार
जहरीली शराब से मौतों के बाद भी आगरा में हरियाणा और राजस्थान से शराब की तस्करी की जा रही है। आगरा में पुलिस ने पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनकी कार से 260 बोतल शराब बरामद हुई है। बोतलों पर सैन्य कैंटीन सप्लाई का लेबल लगा हुआ था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में मंगलवार रात को थाना सदर पुलिस ने कार में अवैध रूप से लाई जा रही शराब की 260 बोतलों के साथ पांच तस्करों को पकड़ लिया। बोतलों पर सैन्य कैंटीन सप्लाई के लेबल चस्पा किए थे। फर्जी क्यू आर कोड भी लगे थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
थाना सदर के प्रभारी निरीक्षक अजय कौशल के मुताबिक, मंगलवार रात को रोहता में पुलिस चेकिंग कर रही थी। तभी ग्वालियर की तरफ से आती दिल्ली नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार को रोकने का प्रयास किया गया। इस पर चालक ने कार को मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी करके कार को आगे नहीं जाने दिया। कार में पांच लोग सवार थे।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
आरोपियों में देवरी रोड निवासी विमल नोहवार, विनोद, ककुआ निवासी भगवान सिंह, पवन और चरनजीत हैं। कार की डिकी से 260 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इस पर डिफेंस सर्विस ओनली कैंटीन सर्विस, फॉर सेल टू डिफेंस परसनल लिखा हुआ था। क्यूआर कोड को स्कैन किया तो वो स्कैन नहीं हुए। इस पर शराब के नकली होने का पता चला।
थाना प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि सैन्य कैंटीन सप्लाई के नाम पर शराब की बिक्री की जा रही थी। सेना पुलिस को भी जानकारी दी जाएगी। तस्करों ने कुछ लोगों के नाम बताए हैं, जो कि शराब को खरीदते थे। इसके बाद लोगों को कैंटीन सप्लाई के नाम पर बेच देते थे।
लेबल और क्यूआर कोड नकली
आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि वह राजस्थान और हरियाणा से सस्ती शराब खरीदकर लाते हैं। शराब की तीव्रता बढ़ाने के लिए केमिकल का प्रयोग करते हैं। बोतलों पर फर्जी लेबल और क्यूआर कोड लगाकर बेचने के लिए ले जाते हैं। कार से बरामद शराब राजस्थान से लेकर आए थे। कार विमल की है। उसने दिल्ली से खरीदी थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।