आगरा में बढ़ रहा कोरोना संक्रमण: 24 घंटे में पांच नए मरीज मिले, सक्रिय मामलों की संख्या हुई 19
ताजनगरी में कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है। चार दिन से रोज नए मरीज मिल रहे हैं। गुरुवार को पांच नए संक्रमित मिलने से अब सक्रिय मरीजों की संख्या 19 हो गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में एक बार फिर से कोरोना संक्रमित की संख्या बढ़ने लगी है। पिछले 24 घंटे में 6068 लोगों की जांच में पांच नए मरीज चिन्हित हुए हैं। इसके साथ ही अब सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है। बीते चार दिनों में 16 नए संक्रमित मिल चुके हैं।
बुधवार को दयालबाग निवासी पति-पत्नी की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। दोनों बाहर कहीं घूमने जा रहे थे। एहतियात के तौर पर उन्होंने निजी लैब में जांच कराई तो संक्रमण की पुष्टि हुई है। दोनों का 14 दिनों के लिए होम आइसोलेशन में रखा जाएगा।
अब तक 21.85 लाख लोगों की जांच
गुरुवार को प्रशासन की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार अब तक 21.85 लाख लोगों की जांच हो चुकी है। इनमें 25793 संक्रमित मिले। 25315 ठीक हो गए। 458 की मौत हो गई। जिले में टीकाकरण की बात करें तो अब तक 28.93 लाख लोगों को टीका लग चुका है।
जीनोम सीक्वेसिंग की नहीं आई रिपोर्ट
ताजनगरी में 1 से 28 दिसंबर तक 650 से अधिक विदेशी यात्री आए हैं। जिनमें 150 से अधिक लोगों की जांच की गई। 10 लोग संक्रमित मिले थे। जिनमें ओमिक्रॉन वैरिएंट की जांच के लिए सैंपल लैब भेजे गए थे। जीनोम सीक्वेसिंग के लिए भेजे गए सैंपल की जांच रिपोर्ट नहीं आई है।
मास्क नहीं लगाने पर कार्रवाई बंद
कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर पिछले एक महीने से हाई अलर्ट है। शासन ने रात्रि कर्फ्यू लागू किया है, लेकिन बाजारों व सार्वजनिक स्थलों पर बिना मास्क लोग घूम रहे हैं। बिना मास्क घूम रहे लोगों के विरुद्ध महामारी एक्ट के तहत चालान व जुर्माना की कार्रवाई बंद है। ऐसे में ओमिक्रॉन का खतरा बढ़ गया है।
10 जनवरी से किशोरों को लगेगी वैक्सीन
ताजनगरी में 15 से 18 साल के बच्चों के लिए 10 जनवरी से को वैक्सीन लगाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। आशा एवं महिला स्वास्थ्यकर्मियों से सर्वे कराया जा रहा है। गांव से शहर तक 15 से 18 साल के बच्चों की सूची बनेंगी। फिर टीकाकरण के लिए पंजीकरण कराना पड़ेगा।