एटा में रिकॉर्ड तोड़ वोटिंग, फिरोजाबाद में 59.61 फीसदी मतदान, मैनपुरी ने बढ़ाई टेंशन
सुबह सात बजे से शुरू हुआ मतदान शाम बजे संपन्न हो गया। इसके साथ ही इन तीन लोकसभा क्षेत्रों के करीब 51 लाख मतदाताओं ने सपा संरक्षक मुलायम सिंह, प्रसपा के शिवपाल यादव, भाजपा के राजवीर सिंह सहित 32 उम्मीदवारों के भाग्य को ईवीएम में कैद कर दिया। चुनाव नतीजे 23 मई को आएंगे।
सबसे ज्यादा एटा लोकसभा क्षेत्र में 62.65 फीसदी वोटिंग हुई। पिछले चुनाव में यहां 59 फीसदी वोट पड़े थे। वहीं फिरोजाबाद में 59.61 फीसदी मतदान हुआ। मैनपुरी के मतदाताओं ने मतदान को लेकर जोश कम दिखाया। इस बार 2014 की तुलना में यहां 3.09 प्रतिशत कम मतदान हुआ है।
सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चली मतदान प्रक्रिया के दौरान मैनपुरी सीट पर 57.37 प्रतिशत मतदान हुआ। बात अगर 2014 के चुनाव की करें तो उस समय 60.46 प्रतिशत मतदान हुआ था।
मैनपुरी में झड़प, एटा में हंगामा
उधर, एटा जिला पंचायत मतदान केंद्र पर पीठासीन अधिकारी योगेश कुमार ने ईवीएम पर एक पार्टी के प्रत्याशी का बटन दबा दिया। इससे वहां हंगामा हो गया। जिसके चलते काफी देर तक मतदान बाधित रहा। इसके बाद वहां पर अधिकारियों ने पहुंचकर पीठासीन अधिकारी को हटा दिया।
फिरोजाबाद के जसराना विधानसभा क्षेत्र के गांव नगला केकन, जोधपुर और नगला मानसिंह में ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया। तीनों जगह पर प्रशासन की टीमें पहुंची। ग्रामीणों को समझा कर 11:15 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू कराई गई। वहीं मैनपुरी जिले में कुछ गांव में ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया।