पटियाली-कासगंज। तहसील क्षेत्र के ग्राम दरका नगरा में तीन झोंपड़ियों में आग लग गई। जिससे उनमें रखी नकदी, गृहस्थी का सामान जल गया। ग्रामीणों ने मशक्कत कर आग को बुझाया। राजस्व कर्मियों ने पहुंचकर क्षति का आकलन किया। उपजिलाधिकारी ने हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है। बृहस्पतिवार की दोपहर ग्राम दरका नगरा निवासी जगदीश की झोंपड़ी में अचानक आग लग गई। आग लगते ही परिजन बाहर निकल आए और चीख पुकार करने लगे। आग ने विकराल रूप ले लिया। अन्य ग्रामीण भी एकत्रित हो गए। उनके द्वारा आग को बुझाने के प्रयास किए जाने लगे।
आग इतनी विकराल थी कि उसने पड़ोस के श्रीकृष्ण एवं शंकर की झोंपड़ी को भी अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीण रेता व पानी डालकर आग को बुझाने के प्रयास में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद आग को बुझाया जा सका। आग में जगदीश की झोंपड़ी में रखे 50000 रुपये की नकदी, गल्ला, गृहस्थी का सामान जल गया। वहीं श्रीकृष्ण के 5000 रुपये, मोटरसाइकिल, गल्ला एवं झोंपड़ी में रखा गृहस्थी का सामान जल गया। वहीं शंकर की झोंपड़ी में कृषियंत्र, गल्ला, बुर्जी बिटोरे आदि जल गए। उपजिलाधिकारी शिवकुमार सिंह ने क्षेत्रीय लेखपाल संजीव कुमार को मौके पर भेजकर क्षति का आकलन कराया। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को नियमानुसार मदद की जाएगी।