Agra: जूता फैक्टरी में लगी आग, लपटें और धुएं का गुबार देख लोगों में दहशत, फायर ब्रिगेड की टीम बुझाने में जुटी
आगरा में एक जूता फैक्टरी में अचानक आग लग गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार देख लोगों में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने में जुटी है।
विस्तार
आगरा के थाना सिकंदरा के औद्योगिक क्षेत्र में कश्यप फुटवियर नामक जूता फैक्टरी की तीसरी मंजिल पर बुधवार सुबह आग लग गई। कुछ ही देर में लपटों के साथ काले धुएं के गुबार देख लोग घबरा गए। आसपास की फैक्टरी के कर्मचारियों ने आग बुझाने की कोशिश की लेकिन लपटें तेज हो चुकी थीं। सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मियों ने 7 दमकलों की मदद से करीब 3 घंटे में आग पर काबू पाया। शार्ट सर्किट से आग लगने की बात कही जा रही है।
निर्भय नगर, सिकंदरा निवासी दीपक कश्यप की औद्योगिक क्षेत्र स्थित साइट-सी में कश्यप फुटवियर नाम से तीन मंजिला जूता फैक्टरी है। सुबह लगभग 6 बजे लोगों ने फैक्टरी के तीसरे तल की निर्माण इकाई में आग की लपटें देखीं। सुरक्षाकर्मियों ने शोर मचाया। परिसर में मौजूद कर्मचारियों ने आसपास के लोगों के साथ आग पर काबू पाने की कोशिश की। लपटें तेज हो चुकी थीं। काले धुएं के गुबार आसमान में छाने लगे। करीब आधा घंटे बाद दमकल वाहन पहुंचे। तीन घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। तब तक तीसरी मंजिल पर लगीं मशीनें और तैयार माल जलकर बर्बाद हो गए। ईद के लिए काफी संख्या में तैयार माल रखा था।
अग्निशमन अधिकारी अमरपाल सिंह ने बताया कि तीसरे तल पर कोई ज्वलनशील रसायन नहीं रखा था, इससे आग अन्य हिस्सों में नहीं फैली। दमकलकर्मियों ने आग को फैक्टरी के अन्य हिस्सों तक नहीं पहुंचने दिया। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट होना बताया गया है। अग्निकांड में करीब डेढ़ करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है।
गार्ड ने फायर स्टेशन पहुंचकर दी सूचना
फैक्टरी के गार्ड ने बताया कि उसने आग की सूचना देने के लिए फायर ब्रिगेड के नंबर पर कॉल किए लेकिन रिसीव नहीं हुए। इसके बाद कर्मचारी खुद ही शास्त्रीपुरम फायर स्टेशन पर पहुंचे और घटना की जानकारी दी। तब दमकल आ सकी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.