Agra News: युवती का रिश्ता तुड़वाने की धमकी, मुंह बंद रखने के एवज में आरोपी मांग रहा 2 लाख रुपये चौथ
पीड़िता ने एसएसपी से शिकायत की। इसके बाद थाना शाहगंज में मुकदमा दर्ज हुआ। महिला का कहना है कि उन्होंने पति की मृत्यु के बाद कोर्ट मैरिज की थी। अब उनकी बेटी की शादी तय हो गई है। आरोप है कि इसका पता चलने पर जयपुर हाउस निवासी मनु महाजन ने दो लाख रुपये की मांग की।
विस्तार
आगरा के शाहगंज थाने में एक युवक के खिलाफ युवती का रिश्ता तुड़वाने की धमकी देने, एवज में 2 लाख रुपये चौथ मांगने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
शाहगंज की एक महिला का कहना है कि उन्होंने पति की मृत्यु के बाद कोर्ट मैरिज की थी। अब उनकी बेटी की शादी तय हो गई है। आरोप है कि इसका पता चलने पर जयपुर हाउस निवासी मनु महाजन ने दो लाख रुपये की मांग की। रुपये नहीं देने पर रिश्ता तुड़वाने की धमकी दी। ऐसा नहीं करने पर आरोपी ने उन्हें बदनाम कर दिया। 16 अगस्त को बेटी से मिलने उसका मंगेतर आया था। तभी आरोपी ने पहुंचकर अपशब्द बोले। उन्हें पुलिस बुलानी पड़ी। बेटी की शादी को देखते हुए पुलिस से लिखित शिकायत नहीं की। दूसरे दिन उनके पति के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज करा दिया।
एसएसपी से शिकायत
पीड़िता ने एसएसपी से शिकायत की। इसके बाद थाना शाहगंज में मुकदमा दर्ज हुआ। थाना शाहगंज के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मनु महाजन पर छेड़छाड़, चौथ मांगने, धमकाने और मारपीट का आरोप लगाया गया है। इसके पहले मनु महाजन की तरफ से थाना लोहामंडी में महिला के पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। दोनों में ही विवेचना की जा रही है।
दबाव बनाने के लिए लिखाया मुकदमा
मनु महाजन का कहना है कि 16 अगस्त को उनसे मारपीट की गई थी। इस पर मुकदमा दर्ज कराया था। अब आरोपी पक्ष की ओर से उनके खिलाफ ही मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। समझौते का दबाव बनाया जा रहा है।