आगरा: जमीन के विवाद में दो भाइयों के बीच खूनी संघर्ष, बड़े भाई की मौत
आगरा के गांव भवनपुरा में सोमवार शाम को जमीन विवाद में दो भाइयों में जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में घायल बड़े भाई की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी व बेटा गंभीर घायल हो गए।
विस्तार
पुलिस के मुताबिक गांव भवनपुरा निवासी ओमप्रकाश (60) का छोटे भाई उत्तम चंद से एक खेत को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार की शाम करीब छह बजे ओमप्रकाश का अपने भाई और भतीजे से झगड़ा हो गया। कहासुनी के दौरान इनके बीच लाठी-डंडे भी चले। इसमें ओमप्रकाश, उनकी पत्नी राजकुमारी और पुत्र नीरज घायल हो गए। ग्रामीणों ने बीच बचाव किया।
झगड़े की सूचना पर पुलिस भी पहुंची थी। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां ओमप्रकाश की इलाज के दौरान मौत हो गई। थानाध्यक्ष योगेंद्र पाल सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।