थाने के पास ही सराफा कारोबारी की दुकान से 50 लाख की चोरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आगरा में बाह के जैतपुर कस्बे में सोमवार की रात थाने के पास सराफा कारोबारी मनीष जैन की दुकान में करीब 50 लाख की चोरी हो गई। चोर 40 किलो चांदी व 800 ग्राम सोने के जेवर के अलावा तीन लाख की नगदी सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए। साथ ही सीसीटीवी कैमरे का पूरा सेटअप भी उखाड़ ले गए ताकि उनकी पहचान उजागर न हो सके। पुलिस की नाक के नीचे इतनी बड़ी चोरी होने से व्यापारियों में गुस्सा है। वहीं घटना की जानकारी पर एसपी पूर्वी नित्यानन्द राय, डॉग स्क्वॉड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की।
जैतपुर में मनीष जैन की सराफा की दुकान आगरा-इटावा हाईवे पर है। दुकान के ठीक पीछे ही जैतपुर थाना परिसर है। सोमवार की रात थाने के पीछे से ही दुकान में नकब लगाकर घुसे चोरों ने करीब डेढ़ टन वजनी अलमारी को तोड़ दिया। तहरीर के मुताबिक, चोर 47 लाख की कीमत के 40 किलो चांदी व 800 ग्राम सोने के जेवर के अलावा अन्य जेवर और तीन लाख रुपये चोरी कर लिए। इतना ही नहीं दुकान से सीसीटीवी कैमरे के साथ ही पूरा सेटअप भी उखाड़ ले गए।
मंगलवार सुबह 9 बजे मनीष जैन दुकान खोलने पहुंचे तो भीतर का नजारा देखकर वह गश खाकर गिर पड़े। जानकारी पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। एसपी पूर्वी भी पहुंचे। मनीष जैन ने 50 लाख की चोरी की तहरीर जैतपुर पुलिस को दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। साथ ही खुलासे के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं। पूछताछ के लिए पुलिस ने कुछ लोगों को उठाया भी है।
ब्यूटी पार्लर का सामान छुआ तक नहीं
सराफा कारोबारी मनीष जैन की भाभी दुकान के पिछले हिस्से में ब्यूटी पार्लर चलाती है। पार्लर की दीवार में ही नकब लगाकर चोरों ने चोरी की। पर, ब्यूटी पार्लर के सामान को छुआ तक नहीं है।