बेटी के जन्मदिन पर केक के लिए नहीं थे पैसे, पिता ने बनाई लूट की कहानी, पुलिस को बताई मजबूरी और फिर...
- पुलिस ने पूछताछ की तो उसने सारी हकीकत बता दी
- माफीनामा लिखवाया, इसके बाद केक मंगवा कर दिया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बेटी का जन्मदिन था, वो केक और उपहार के लिए जिद कर रही थी। पिता मजबूर था। उसके पास इतने भी रुपये नहीं थे कि केक ला सके। बेटी का मन बहलाने के लिए घर से निकल गया। रास्ते में लूट की कहानी बना दी। पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने पूछताछ की तो उसने सारी हकीकत बता दी। पिता की मजबूरी देखकर पुलिस का भी दिल पसीज गया। थाना प्रभारी ने केक मंगवा कर घर भेज दिया, उपहार देने का भी भरोसा दिया।
मामला थाना हरीपर्वत क्षेत्र के सूर सदन तिराहे का है। शनिवार रात पुलिस को सूचना मिली कि बाइक सवार बदमाश दस हजार रुपये और मोबाइल लूट कर ले गए हैं। इस पर थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कौशल सहित थाने की फोर्स पहुंच गई। यहां न्यू आगरा के कौशलपुर निवासी आनंद शर्मा मिला। उसने बताया कि एटीएम से रुपये निकाले थे। जैसे ही बाहर आया दो बदमाश आ गए। रुपये और मोबाइल लूट कर भाग गए। इस पर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी। थाने लाकर आनंद से पूछताछ की। मगर, उसके पास एटीएम कार्ड ही नहीं था।
इस पर पुलिस को शक हो गया, उससे और बात की। तब उसने बताया कि आज उसकी बेटी का जन्मदिन है। बेटी केक और उपहार लाने के लिए जिद कर रही थी। इस पर वह घर से निकल आया। लूट का ड्रामा इसलिए रच दिया कि घर जाएगा तो इस घटना की जानकारी देगा और कोई उसे केक लाने के लिए नहीं कहेगा।
इस पर थाना प्रभारी का दिल पसीज गया। उन्होंने उससे माफीनामा लिखवाया। इसके बाद केक मंगवा कर दिया। बेटी के लिए केक मिलने पर आनंद की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उसने पुलिस को धन्यवाद दिया। केक लेकर चला गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कौशल का कहना है कि आनंद एक प्राइवेट नौकरी करता है। मगर, उसके पास रुपये नहीं थे। इस वजह से उसने लूट का ड्रामा रच दिया था। उससे कहा गया है कि वे किसी तरह की जरूरत होने पर पुलिस से मदद ले सकता है।