Etah: जमीन विवाद में कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से पीट-पीटकर किसान की हत्या, हमलावर फरार
गांव करमचंद पुर निवासी किसान का कुछ लोगों से जमीन को लेकर विवाद था। परिजनों का आरोप है कि जिन लोगों से विवाद है, उन्हीं ने किसान की हत्या की है। पुलिस जांच में जुटी है।
विस्तार
एटा के थाना सकीट क्षेत्र के गांव करमचंदपुर में शनिवार की सुबह खेत पर जा रहे किसान रामपाल सिंह (45) की पुरानी रंजिश में गोली मारकर व कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमलाकर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देने के बाद हत्यारोपी फरार हो गए। प्रधानी की चुनावी रंजिश और जमीन को लेकर चली आ रही दुश्मनी के चलते हत्या करने का आरोप लगाते हुए किसान के पुत्र अजय सिंह ने 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
इन पर है आरोप
पुत्र का कहना है पिता सुबह करीब 8:30 बजे खेत पर जा रहे थे, जैसे ही कुल्ला हबीवपुर रोड स्थित जाहरवीर मंदिर के पास पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए गांव के ही सुधीर, सुभाष, चरन सिंह, इसका पुत्र दिनेश चंद्र, पुष्पेंद्र, भाई चंदन, रामसनेही, दुर्वेश, मेघ सिंह और बिजेंद्र ने हमला कर दिया। आरोप है कि पहले पिता को गोली मारी गई, बाद में कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से प्रहार किया गया। पिता मौके पर ही गिर गए, तब तक पीटा गया जब तक कि सांसें नहीं थम गईं। वारदात की खबर मिलते ही मौके पर एसएसपी उदय शंकर सिंह, सीओ सकीट सुनील कुमार सहित भारी पुलिस बल पहुंच गया। बाद में फोरेंसिक टीम के साथ डॉग स्क्वैड भी पहुंची।
ये भी पढ़ें - Mainpuri By-Election 2022: मैनपुरी में डिंपल की जीत नहीं आसान, ये वजह कर सकती है अखिलेश यादव को भी परेशान
ये बोले एसएसपी
एसएसपी उदय शंकर सिंह ने बताया कि रंजिश के चलते किसान की गोली मारकर व चोट पहुंचाकर हत्या की गई है। 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं।