Agnipath Protest: फिरोजाबाद में पुलिस से हाथापाई कर आरोपी को छुड़ा ले गए परिजन, रिटायर्ड दरोगा हिरासत में
आरोपी युवक अग्निपथ नाम के ग्रुप बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहा था। जांच के दौरान पुलिस ने उसे चिन्हित कर लिया। रविवार को पुलिस ने उसे पकड़ लिया और थाने लेकर आ रहा थी।
विस्तार
फिरोजाबाद में अग्निपथ के नाम से सोशल मीडिया पर ग्रुप बनाकर टूंडला के प्रदर्शन को लेकर टिप्पणी करने वाले युवक को पकड़ने गई पुलिस के साथ परिजनों ने धक्का-मुक्की कर उसे छुड़ा लिया। पुलिस से अभद्रता और आरोपी युवक को हिरासत से छुड़ाने की सूचना पर सीओ शिकोहाबाद के साथ अन्य थानों का फोर्स भी मौके पर पहुंच गया। आरोपी युवक के चाचा को हिरासत में लिया गया है। वह सेवानिवृत्त दरोगा हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की बात कही है।
मक्खनपुर थाना क्षेत्र के गांव गांगई निवासी अंकुर यादव उर्फ भोला यादव ने व्हाट्सएप पर अग्निपथ के नाम से ग्रुप बनाया था। इस पर वह टूंडला में हुए प्रदर्शन को लेकर टिप्पणी कर रहा था। पुलिस ने जांच को दौरान उसे चिन्हित कर लिया। रविवार को पूछताछ के लिए आरोपी युवक को पुलिस ने थाने बुलाया, लेकिन वह नहीं आया। पुलिस युवक को पकड़ने के लिए गांव पहुंची। पुलिस युवक को पकड़ कर थाने ला रही थी, तभी महिलाओं व युवक के परिजनों ने पुलिस को घेर लिया।
महिला ने पुलिस से की हाथापाई
पुलिस से युवक को छुड़ाने का प्रयास किया। पुलिस ने विरोध किया तो महिलाओं और आरोपी युवक के परिजनों ने पुलिस से हाथापाई कर दी और आरोपी को छुड़ाकर ले गए। इसको लेकर गांव में अफरातफरी का माहौल हो गया। मौके पर सीओ कमलेश सिंह, थानाध्यक्ष शिकोहाबाद प्रदीप कुमार और मक्खनपुर थानाध्यक्ष महेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आरोपी की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
रिटायर्ड दरोगा को हिरासत में लिया
सीओ कमलेश सिंह का कहना है कि आरोपी अंकुर उर्फ भोला यादव की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस से अभद्रता कर आरोपी को छुड़ाने वाले लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश मक्खनपुर थानाध्यक्ष महेश कुमार को दिए गए हैं। हिरासत में लिए गए आरोपी युवक के चाचा, जो पुलिस विभाग से उपनिरीक्षक के पद से सेवानिवृत्त हैं। उनके खिलाफ भी कार्रवाई कर जेल भेजा जाएगा। घटना के बाद से आरोपी युवक और उसके परिजन फरार हैं।