आगरा: शहर की सड़कों पर आज से दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें, यह होगा किराया
आगरा की सड़कों पर आज से इलेक्ट्रिक बसें चलेंगी। सिटी बस की तर्ज पर इलेक्ट्रिक बसों में पहले तीन किमी का किराया पांच रुपये ही होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ताजनगरी में स्मार्ट सिटी के तहत मंगलवार को शहर को पांच इलेक्ट्रिक बसों की सौगात मिलेगी। ईदगाह बस अड्डे पर शाम छह बजे इन बसों को हरी झंडी दिखाई जाएगी। यह बसें भगवान टाकीज से आगरा कैंट के रूट पर संचालित होंगी। इसके बाद आने वाली बसों को अलग-अलग रूटों पर संचालित किया जाएगा। इन बसों का किराया भी सामान्य बसों की तरह होगा।
आगरा में आगरा-मथुरा सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के अंतर्गत 100 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाना है। पहले चरण में आगरा और मथुरा में पांच-पांच इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू होगा।
इस रूट पर होगा संचालन
प्रबंध निदेशक एमके पुंढीर के मुताबिक, पहले चरण में भगवान टाकीज से एमजी रोड होकर आगरा कैंट स्टेशन तक के रूट पर ही इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। सिटी बसों के लिए 22 रूट निर्धारित हैं। इसके बाद आने वाली बसों को अलग-अलग रूटों पर संचालित करने की योजना है। इन बसों का किराया भी साधारण सिटी बसों की तर्ज पर पहले तीन किलोमीटर तक पांच रुपये ही होगा।
नरायच में चार्जिंग डिपो तैयार नहीं
नगर निगम की भूमि पर हाथरस रोड स्थित नरायच में इलेक्ट्रिक बसों का चार्जिंग डिपो बनाया जा रहा है। यह चार्जिंग डिपो अभी पूरी तरह तैयार नहीं हो सका है। ऐसे में पांच बसों की चार्जिंग के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।
ईदगाह में जनप्रतिनिधि करेंगे शुभारंभ
ईदगाह बस स्टैंड से शाम छह बजे लखनऊ से मिलने वाली इलेक्ट्रिक बसों का लोकार्पण समारोह आयोजित किया जाएगा। सिटी ट्रांसपोर्ट के एमडी ने बताया कि मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल, मेयर नवीन जैन, राज्यमंत्री जीएस धर्मेश व धर्मवीर प्रजापति, सांसद राजकुमार चाहर, एससी/एसटी आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामबाबू हरित, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, विधायक योगेंद्र उपाध्याय के अलावा अन्य विधायकों को भी आमंत्रित किया गया है।
यह होगा किराया
शून्य से तीन किमी: पांच रुपये
3- से छह किमी: 10 रुपये
6- से 10 किमी: 15 रुपये
10-14 किमी : 22 रुपये
14-19 किमी : 30 रुपये
19-24 किमी : 35 रुपये
24-30 किमी : 40 रुपये
30-36 किमी: 45 रुपये
36-40 किमी : 50 रुपये