DBRAU Agra: आगरा में एलएलबी परीक्षा का पेपर आउट, छात्रा ने मोबाइल से फोटो खींचकर बाहर भेजा
कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर विजय श्रीवास्तव की ओर से हरीपर्वत थाने में छात्रा के खिलाफ तहरीर दे दी है। छात्रा का मोबाइल जब्त कर लिया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की एलएलबी द्वितीय वर्ष की परीक्षा का प्रश्नपत्र बृहस्पतिवार को आउट हो गया। आरबीएस कॉलेज में परीक्षा दे रही डीएस कॉलेज ऑफ लॉ की एक छात्रा ने मोबाइल से प्रश्नपत्र की फोटो खींचकर किसी को बाहर भेज दी। आंतरिक उड़नदस्ते ने छात्रा को पकड़ा और मोबाइल छीन लिया। कॉलेज के प्राचार्य ने हरीपर्वत थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर लिया है।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि पहली पाली में सुबह 8:00 बजे एलएलबी द्वितीय वर्ष की ‘सिविल प्रोसीजर एंड लिमिटेशन एक्ट-पंचम प्रश्नपत्र’ की परीक्षा थी। करीब 8:10 बजे छात्रा ने मोबाइल से प्रश्नपत्र की फोटो खींचकर किसी को भेज दिया। उसे मोबाइल इस्तेमाल करते हुए कक्ष निरीक्षक ने देखा, आंतरिक दस्ते की महिला सदस्य को बुलाकर मोबाइल कब्जे में ले लिया।
प्राचार्य प्रो. विजय कुमार श्रीवास्तव को जानकारी दी गई। प्राचार्य ने विश्वविद्यालय के अधिकारियों और पुलिस को सूचित किया। विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह, परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश व डीन एकेडमिक प्रो. संजीव कुमार भी पहुंच गए। छात्रा का मोबाइल चेक किया गया तो पता चला कि उसने प्रश्नपत्र किसी को भेज दिया था। छात्रा से नकल की रिपोर्ट पर हस्ताक्षर करने के लिए कहा गया तो उसने मना कर दिया। उसने कहा कि रिपोर्ट अंग्रेजी में बनाई गई है, वह हस्ताक्षर नहीं करेगी। जबकि विधि की पढ़ाई अंग्रेजी माध्यम से ही कराई जाती है।
चार सदस्यीय जांच टीम गठित
कुलसचिव ने बताया कि प्रभारी कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के आदेश पर चार सदस्यीय जांच टीम गठित की गई है। प्रति कुलपति प्रो. अजय तनेजा कमेटी के अध्यक्ष, डीन फैकल्टी प्रो. यूसी शर्मा व आरबीएस कॉलेज के प्राचार्य प्रो. विजय कुमार श्रीवास्तव सदस्य और सहायक कुलसचिव (प्रभारी) पवन कुमार सचिव हैं। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर परीक्षा को निरस्त करने पर निर्णय लिया जाएगा। वहीं चर्चा है कि परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले छात्रा की ठीक से तलाशी ली गई होती तो छात्रा मोबाइल अंदर नहीं ले जा पाती। कॉलेज प्रशासन की ओर से भी प्रवेश से पहले छात्र-छात्राओं की ठीक से तलाशी नहीं कराई गई।
छात्रा का नामांकन निरस्त करने पर विचार
आगरा। डीन एकेडमिक प्रो. संजीव कुमार ने बताया कि छात्रा का नामांकन रद्द करने पर विचार किया जा रहा है। उसने परीक्षा की गोपनीयता को भंग करने का काम किया है। अनफेयर मीन (नकल) में भी छात्रा के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।