परीक्षा की तारीख घोषित: 24 जुलाई से शुरू होंगी डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षाएं
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षा कार्यक्रम वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया। परीक्षाएं तीन पाली में कराई जाएंगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की शैक्षणिक सत्र 2020-21 की मुख्य परीक्षाओं का कार्यक्रम अंतिम रूप से जारी कर दिया गया है। बीए, बीएससी, बीकॉम व बीकॉम वोकेशनल की द्वितीय एवं तृतीय वर्ष और परास्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षाएं 24 जुलाई से शुरू होंगी और 13 अगस्त को संपन्न होंगी। परीक्षा में 2.60 लाख परीक्षार्थी भाग लेंगे। छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.dbrau.org.in पर जाकर कार्यक्रम देख सकते हैं।
विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय ने रविवार को परीक्षा के संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं का आयोजन कोरोना प्रोटोकाल का पालन कराते हुए किया जाएगा। परीक्षा का आयोजन तीन पालियों में किया जाएगा।
पहली पाली की परीक्षा सुबह 08:00 से 09:30 बजे तक, दूसरी पाली की परीक्षा सुबह 11:30 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक और तीसरी पाली की परीक्षा दोपहर 03:00 से शाम 04:30 बजे तक कराई जाएगी। शुरूआती दो दिनों में दो पाली में ही परीक्षा है। पहली और तीसरी पाली में। 27 जुलाई की परीक्षा में छात्रों की संख्या बढ़नी शुरू होगी।
अधिकतम अंतराल दो दिन का
परीक्षा का जो कार्यक्रम जारी किया गया है, उसमें अधिकतम अंतराल दो दिन का है। आठ और नौ अगस्त को दो दिन परीक्षाएं नहीं होंगी। जनसंपर्क अधिकारी प्रो. प्रदीप श्रीधर ने बताया कि शासन स्तर से परीक्षाएं समाप्त करने की आखिरी तारीख 15 अगस्त निर्धारित की गई है, उसी के अनुरूप परीक्षा कार्यक्रम बनाया गया है।
ओएमआर शीट पर होगी परीक्षा
परीक्षा नियंत्रक अजय कृष्ण यादव की ओर से दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। इसके अनुसार प्रत्येक परीक्षाएं ओएमआर शीट आधारित होंगी। प्रश्नपत्र को हल करने की अवधि डेढ़ घंटे होगी। 50 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे।
स्नातक स्तर के जिस विषय में दो-तीन प्रश्नपत्र होते हैं, उनको समाहित कर एक ही प्रश्नपत्र की परीक्षा कराई जाएगी। परास्नातक की परीक्षा में अनिवार्य प्रश्नपत्रों की ही परीक्षा होगी। जिन प्रश्नपत्रों के सामने (#) अंकित है, उस प्रश्नपत्र की परीक्षा लिखित आधार पर होगी और उसे हल करने की अवधि दो घंटे होगी।