वाह रे डॉक्टर: खांसी को बताया कैंसर, युवक झेलता रहा मानसिक और आर्थिक पीड़ा; मुंबई की जांच में हकीकत आई सामने
आगरा में घरती के भगवान कहे जाने डॉक्टर की हैरान करने वाली घटना सामने आई। खांसी रोगी को कैंसर बताया। इलाज के नाम पर उससे पैसे ऐंठते रहे। दो महीनों तक युवक मानसिक और आर्थिक पीड़ा झेलता रहा। आगे पढ़ें और जानें पूरी बात...
विस्तार
उत्तर प्रदेश के आगरा में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां किसान राजकुमार को दो महीने तक कैंसर रोगी की तरह मानसिक, शारीरिक और आर्थिक पीड़ा झेलनी पड़ी। खांसी की शिकायत पर चिकित्सक ने लैब से जांच कराई थी। इसमें कैंसर बताकर सात-आठ लाख रुपये का खर्च बताया गया। परिवार बीमारी की बात सुनकर दहशत में आ गया। परिजन पहले मुंबई, फिर नोएडा के अस्पताल ले गए। दोनों ने रिपोर्ट निगेटिव बताई।
इस पर पुलिस आयुक्त और सीएमओ से शिकायत की गई। 21 महीने बाद मामले में दो पैथोलॉजिस्ट के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पीड़ित ने जांच कराने वाले तीन डाक्टरों पर भी साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है। 17 जनवरी 2023 को किरावली के गांव कुकथला निवासी राजकुमार ने खांसी होने पर एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रो. डॉ. टीपी सिंह को दिखाया था।
उनसे दवा लेने पर भी स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ। खून की उल्टी होने लगी। डॉ. टीपी सिंह ने डॉ. मुकेश शर्मा के पास फेफड़ों की बायोप्सी के लिए भेजा। जांच के लिए स्लाइड अग्रवाल क्रिटिकल केयर सेंटर, शांति मधुवन प्लाजा भेजी गई। क्लीनिकल पैथोलॉजी में जांच हुई। रिपोर्ट में फेफड़ों में कैंसर बताया।