SN Medical College: फ्रेशर पार्टी के लिए छुट्टी न देने पर डॉक्टर को पीटा, पीड़ित ने दर्ज कराई रिपोर्ट
आगरा में एसएन मेडिकल कॉलेज के एक डॉक्टर की पिटाई का मामला सामने आया है। पीड़ित ने अपने ही साथी डॉक्टर पर पीटने और धमकी देने का आरोप लगाया है।
विस्तार
आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में बालरोग विभाग के सीनियर रेजिडेंट ने अपने ही साथी पर मारपीट और जान से मारने का आरोप लगाया है। डॉक्टर के आंख, सिर और चेहरे पर चोटें हैं। पीड़ित ने मदनमोहन गेट थाने (थाना एमएम गेट) में मुकदमा दर्ज कराया है।
आवास विकास कॉलोनी निवासी बालरोग विभाग के एमडी द्वितीय वर्ष के डॉ. गौरव सिंह ने पुलिस को बताया कि 27 जुलाई को उनके बैच के साथियों ने फतेहाबाद रोड स्थित होटल में फ्रेशर पार्टी रखी थी। इस पार्टी में जूनियर रेजिडेंट-एक डॉ. नीरज मिश्रा को पार्टी में भेजने के लिए साथी डॉक्टरों ने फोन किया, लेकिन ड्यूटी के कारण उन्हें नहीं भेजा। इससे डॉ. प्रवीण यादव उनसे नाराज हो गए।
पीड़ित ने यह आरोप लगाया
आरोप है कि उन्हें बहाने से इमरजेंसी बुलाया। इसी पार्टी में एक साथी डॉ. अखिलेश की तबियत खराब हो गई थी, जो इमरजेंसी में भर्ती थे। उनको देखने के लिए रात करीब एक बजे गया। वहां मुझे देखते ही डॉ. प्रवीण यादव भड़क गए और गालीगलौज करने लगे। विरोध किया तो उत्तेजित होकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। मारपीट में हाथ में फ्रैक्चर हुआ और आंख समेत शरीर पर चोटें भी आई हैं। जिला अस्पताल में मेडिकल कराने के बाद थाना मदनमोहन गेट में मुकदमा दर्ज कराया है।