Agra: डलाबघरों में जलाया जा रहा कूड़ा, धुएं से लोगों को सांस लेना मुश्किल
अमर उजाला ने रात और दिन में पांच स्थानों की पड़ताल की तो पाया कि कूड़े को जलाने के बाद छोड़ दिया जाता है। ट्रांसपोर्ट नगर में रोजाना शाम से कूड़े को जलाने से आसपास के दुकानदार परेशान होते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) के पास खाली पड़ी जगह पर कूड़ा डालने के बाद मंगलवार की सुबह और रात आठ बजे कूड़ा जलाया गया था। रोडवेजकर्मी मनोहरलाल ने बताया कि रोजाना यहां कूड़ा जलाया जाता है। इससे आसपास के इलाके में धुआं फैल जाता है। सवारियों को भी परेशानी होती है। दुकानदार अनिकेत सिंह ने बताया कि कई बार दुकानदार पानी डालकर आग बुझाते हैं।
पालीवाल पार्क से गांधी नगर की ओर जाने वाली सड़क पर बने अस्थायी डलाबघर, आगरा कैंट सराय ख्वाजा में रेलवे लाइन के पास, गुरुद्वारा गुरु का ताल के पास, नालबंद चौराहे के पीछे बने कूड़ाघर में भी कूड़े में आग लगाई जा रही है।
सुल्तानगंज की पुलिया पर जल रहा कूड़ा
सुल्तानगंज की पुलिया के पास जनता क्वार्टर के आगे खाली जगह पर कूड़े के ढेर में रोज आग लगाई जाती है। मंगलवार को रात नौ बजे यहां लपटें उठ रही थीं। सुल्तानगंज बाजार कमेटी के अध्यक्ष मुरारीलाल गोयल ने बताया कि कूड़े में रोज शाम को आग लगा दी जाती है। घरों से कूड़ा उठाने के बाद एक स्थान पर रखकर कहीं न कहीं जलाया जाता है। इससे प्रदूषण बढ़ता है।
रेलवे क्रॉसिंग पर रोज शाम को जलता है कूड़ा
आवास विकास कॉलोनी के मोड़ पर रेलवे क्रॉसिंग के पास कूड़े में आग लगा दी जाती है। स्थानीय निवासी वेद प्रकाश ने बताया कि डलाबघर में रोज शाम को आग लगाकर कर्मचारी चलते जाते हैं। टीपी नगर में डलाबघर के कूडे़ में भी आग लगाई जा रही है। एक फर्म के संचालक सचिन अग्रवाल ने बताया कि कई बार धुएं के कारण ऑफिस में बैठना मुश्किल हो जाता है।
जांच के बाद कार्रवाई
कूड़े का जलाकर निस्तारण करने के मामला गंभीर है। जिन स्थानों पर कूड़ा जलाया जा रहा है। वहां जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। -सुरेंद्र प्रसाद यादव, अपर नगरायुक्त
14 वार्डों में घरों से नहीं उठाया जा रहा कूड़ा
शहर के 14 वार्डों में अब भी घरों से कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है। यहां नगर निगम की गाड़ियां नहीं पहुंच रही हैं। डलाबघरों में कूड़ा सड़ रहा है। अशोक नगर, लोहामंडी में भी मुख्य मार्गों से ही कूड़े का उठान किया जा रहा है। गलियों से कूड़ा नहीं लिया जा रहा है। इसी तरह शाहगंज, केदार नगर में भी मंगलवार को कचरा उठाने गाड़ी नहीं पहुंची।
पंचकुइयां रोड, नाई की मंडी, धाकरान के इलाकों में कूड़ा कलेक्शन नहीं हो पा रहा है। यहां के नदीम खान ने बताया कि कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां सड़क से होकर निकल जाती हैं। इस संबंध में नगर निगम के अपर नगरायुक्त ने कहा कि कई जगह गाड़ियों को भेजा गया है। निजी कंपनी को निर्देशित किया है कि कहीं भी कूड़ा कलेक्शन बंद नहीं होना चाहिए।