Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Agra News ›   Dhanteras 2026 shubh muhurat for car bike bartan and gold Shopping Lakshmi-Kuber Puja Muhurat

धनतेरस 2026: सोना-चांदी, गाड़ी, बर्तन या झाड़ू, खरीदारी के शुभ मुहूर्त? इस समय करें लक्ष्मी-कुबेर का पूजन

Fri, 06 Nov 2026 08:59 AM IST
Dhirendra Singh अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा
अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा Published by: Dhirendra Singh Updated Fri, 06 Nov 2026 08:59 AM IST
सार

धनतेरस पर इस बार मालव्य राजयोग समेत कई शुभ योगों का संयोग बन रहा है। सोना-चांदी, वाहन, बर्तन और घरेलू सामान खरीदने से लेकर लक्ष्मी-कुबेर पूजन तक के शुभ मुहूर्त जानें।
 

विज्ञापन
Dhanteras 2026 shubh muhurat for car bike bartan and gold Shopping Lakshmi-Kuber Puja Muhurat
धनतेरस 2026 - फोटो : अमर उजाला AI

विस्तार

धन, आरोग्य और समृद्धि का पर्व धनतेरस शुक्रवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस बार धनतेरस पर मालव्य राजयोग के साथ त्रिपुष्कर, आयुष्मान और सौभाग्य योग का संयोग बन रहा है। ज्योतिषाचार्यों अनिता पाराशर ने बताया कि इन शुभ योगों में खरीदारी और भगवान धन्वंतरि, माता लक्ष्मी तथा कुबेर देव की पूजा का विशेष महत्व है। शाम 6:01 से 7:58 बजे तक लक्ष्मी-कुबेर पूजन का शुभ मुहूर्त रहेगा। कार्तिक कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि शुक्रवार सुबह 10:30 बजे से शुरू होकर सात नवंबर को सुबह 10:47 बजे तक रहेगी।
विज्ञापन


 
Trending Videos

ज्योतिषाचार्य डॉ. अरविंद मिश्रा ने बताया कि इस बार धनतेरस पर मालव्य राजयोग का संयोग बन रहा है। ज्योतिष शास्त्र में इसे धन, सुख, वैभव और संपन्नता से जोड़कर देखा जाता है। वहीं खरीदारी के लिए भी अलग-अलग शुभ मुहूर्त निर्धारित हैं। सोने के आभूषण खरीदने के लिए दोपहर 3:00 से शाम 4:21 बजे तक, चांदी की खरीदारी के लिए शाम 6:00 से रात 8:00 बजे तक और बर्तन व घरेलू उपयोग की वस्तुएं खरीदने के लिए रात 8:00 से 10:06 बजे तक का समय शुभ रहेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

ज्योतिषाचार्य वेद प्रकाश प्रचेता ने बताया कि धनतेरस पर खरीदारी के लिए तीन प्रमुख शुभ समय रहेंगे। अभिजीत मुहूर्त सुबह 11:36 से दोपहर 12:24 बजे तक, प्रदोष काल शाम 5:32 से रात 8:09 बजे तक और वृषभ लग्न शाम 6:02 से 7:57 बजे तक रहेगा। धनतेरस पर सोना-चांदी, चांदी के सिक्के, पीतल और तांबे के बर्तन खरीदने की परंपरा है। इसके अलावा कौड़ियां, झाड़ू, हल्दी की गांठ, लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमा, धनिया और कुबेर यंत्र भी खरीदे जाते हैं। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन भगवान धन्वंतरि की पूजा करने से आरोग्य और माता लक्ष्मी-कुबेर की आराधना से घर में धन-धान्य की वृद्धि होती है। घरों और प्रतिष्ठानों में दीप जलाकर सुख-समृद्धि की कामना की जाएगी।
विज्ञापन

धनतेरस पर बन रहा शुक्रवार का विशेष संयोग
 कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी यानी धनतेरस का पर्व इस बार शुक्रवार को मनाया जाएगा। इस बार धनतेरस पर अत्यंत फलदायी और दुर्लभ धार्मिक संयोग बन रहा है। ज्योतिषशास्त्र में शुक्रवार का दिन धन, वैभव और समृद्धि की देवी माता लक्ष्मी और शुक्र ग्रह को समर्पित माना जाता है। इस दिन की गई पूजा और खरीदारी से सुख-समृद्धि में अपार वृद्धि होगी।

 

ज्योतिषाचार्य डॉ. पूनम वार्ष्णेय ने बताया कि पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, धनतेरस के दिन भगवान धन्वंतरि अमृत कलश लेकर समुद्र मंथन से प्रकट हुए थे। इस दिन आरोग्य के देवता धन्वंतरि के साथ धन के देवता कुबेर और माता महालक्ष्मी की पूजा का विशेष विधान है। घर में नए बर्तन, चांदी, तांबा और पीतल की धातुएं लाना अत्यंत शुभ और सौभाग्यदायक माना जाता है।

 

ज्योतिषाचार्य ज्योति बृजवासी शाम को पूजा के बाद घर के मुख्य द्वार पर यमराज के निमित्त चौमुखी दीपक जलाना चाहिए। इससे अकाल मृत्यु का भय समाप्त होता है और परिवार में आरोग्य बना रहता है। धन वृद्धि के लिए पूजा के दौरान कुबेर के विशेष मंत्र ओम यक्षाय कुबेराय वैश्रवणाय धनधान्याधिपतये धनधान्यसमृद्धिं मे देहि दापय स्वाहा का जाप अवश्य करें।

 

ज्योतिषाचार्यों के अनुसार धनतेरस के दिन पूजा और खरीदारी के मुहूर्त
खरीदारी का समय: दोपहर 12:00 बजे से रात 11:21 बजे तक खरीदारी की जा सकती है)।
पूजा का शुभ मुहूर्त: सायंकाल प्रदोष एवं वृषभ काल में शाम 6:30 बजे से 8:19 बजे तक रहेगा।
 

धनतेरस पर आज होगी घर-आंगन से बाजार तक धनवर्षा
दीपोत्सव की स्वर्णिम आभा से बाजार जगमग हैं। धनतेरस पर शुक्रवार को घर-आंगन से बाजारों तक धनवर्षा होगी। सराफा, वाहन, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, सजावटी सामान से लेकर पूजन सामग्री तक दुकानों पर भीड़ उमड़ेगी। सोना-चांदी की कीमतों में आई गिरावट से सराफा बाजार में रौनक लौट आई है। सोने और चांदी के आभूषणों की ऑनलाइन खरीदारी भी जोर पकड़ रही है।

 

एमजी रोड, कमला नगर, दयालबाग से लेकर कारगिल चौराहा तक दुकानें सज चुकी हैं। रावतपाड़ा, सेव बाजार, चौबे जी फाटक और किनारी बाजार तक धनतेरस के लिए तैयार हैं। सोने के भाव अपने 2026 के शिखर से 22 प्रतिशत से अधिक नीचे आ चुके हैं। बृहस्पतिवार को घरेलू बाजार में सोना करीब 1.40 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास रहा, जबकि शिखर करीब 1.80 लाख रुपये था। कारोबारियों के अनुसार, ग्राहक भारी आभूषणों के बजाय हल्के वजन, 18 कैरेट सोने, चांदी के सिक्कों, पायल और लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों को प्राथमिकता दे रहे हैं।

 

वाहन और इलेक्ट्रॉनिक्स भी तैयार
धनतेरस पर वाहन खरीदना शुभ मानने की परंपरा से दोपहिया, कार और इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग बढ़ी है। करीब 500 से अधिक घरों में नई कार और 2000 से अधिक बाइक-स्कूटी की डिलीवरी होगी। त्योहारी पर दोपहिया वाहनों की बिक्री सामान्य दिनों की तुलना में छह गुना और इलेक्ट्रिक दोपहिया की बिक्री आठ गुना होती है।

 

कांसा, स्टील के बर्तन से गृहसज्जा तक
 धनतेरस को बर्तन खरीदना भी शुभ माना जाता है। 15-20 प्रतिशत तक कीमत बढ़ने के बावजूद बर्तनों की बिक्री बढ़ने की उम्मीद है। पीतल, तांबा और स्टील के बर्तनों के साथ कुकर, मिक्सर, टीवी, फ्रिज, एलईडी झालर, दीपक और गृहसज्जा के सामान की बिक्री होगी। बाजारों में क्यूआर भुगतान, होम डिलीवरी, छूट और उपहार योजनाओं से ग्राहक आकर्षित किए जा रहे हैं।

 

सिक्के, लक्ष्मी-गणेश की मांग
 सराफा बाजार में त्योहार पर सिक्कों की मांग अधिक है। चांदी और सोने के लक्ष्मी-गणेश भी उपलब्ध हैं। उधर, कुम्हारों पर मिट्टी के लक्ष्मी-गणेश की बिक्री खूब हो रही है। धनतेरस पर लक्ष्मी-गणेश, शुभ-लाभ और सिक्के खरीदने का चलन है।

 

कपड़ों की खरीद भी बढ़ी
 त्योहार पर नए कपड़े पहनने का चलन है। ऐसे में धनतेरस पर बच्चों के कपड़ों की मांग अधिक है। सुभाष बाजार, शाहगंज, कमला नगर सहित अन्य बाजारों में रेडीमेड गारमेंट्स की दुकानों पर बंपर खरीदारी की उम्मीद है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed