Dengue: फिरोजाबाद में डेंगू के तीन मरीज मिले, एक मेडिकल कॉलेज में भर्ती
फिरोजाबाद जिले में डेंगू ने दस्तक दे दी। मंगलवार को तीन मरीज मिले, जिनकी जांच में डेंगू की पुष्टि हुई है। तीनों ने प्राइवेट लैब में जांच कराई थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोटला निवासी 22 वर्षीय युवक तेज बुखार के साथ डेंगू के लक्षण हैं। मरीज की प्राइवेट लैब पर किट से जांच कराई तो रिपोर्ट में डेंगू होने की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने की है। मरीज की 50 हजार से कम प्लेटलेट्स होने पर तुरंत ही मरीज को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। इधर, टूंडला में एक युवक और आसफाबाद निवासी एक बालक में भी डेंगू की पुष्टि हुई। इन दोनों की जांच भी प्राइवेट लैब में कराई गई।
सीएमओ डॉ. दिनेश प्रेमी ने बताया कि डेंगू के तीन नए संदिग्ध मरीज मिले हैं। एक मरीज को अस्पताल में भर्ती कराया है। स्वास्थ्य विभाग एलाइजा जांच को ही मानता है। ऐसे में एलाइजा जांच के लिए तीनों के सैंपल भेज दिए हैं।
56 स्थानों पर मिला लार्वा
शहर से लेकर देहात क्षेत्रों में डेंगू का खतरा बढ़ रहा है। मंगलवार को शहर के साथ देहात क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें जांच के लिए पहुंचीं। इस दौरान कुल 56 स्थानों पर लार्वा पाया गया। टीम ने घरों से लार्वा को नष्ट कराया और एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया। स्वास्थ्य अधिकारी ने भी लोगों को जागरुक किया।
मंगलवार को शहर के आर्यनगर में चार स्थानों, आनंद नगर, शिव नगर, श्रीराम कॉलोनी, आसफाबाद, रहना की पुलिया, आनंद नगर में भी लार्वा मिलने की पुष्टि हुई है। ककरारा में तीन स्थानों और गांव रहचटी, इटौली, फरीदा, खेरिया, हरदासपुर, नगला गोला, जरौली कला, ब्रह्माबाद, सियारमऊ, नगला राधेश्याम में भी डेंगू का लार्वा मिलने की पुष्टि हुई है।
स्वास्थ्य विभाग ने पानी की टंकी, कूलर और फ्रिज में लार्वा की जांच की। कुछ स्थानों पर निर्माणधीन मकानों में बने टैंक में भी डेंगू का लार्वा पाया गया। सीएमओ डॉ. दिनेश प्रेमी ने बताया कि डेंगू का लार्वा पाया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लार्वा नष्ट करा रही हैं। लोग जागरुक बनें और डेंगू से बचें। हमारा प्रयास है कि पिछले साल जैसी स्थिति न आए। ऐसे में लोग सहयोग करें।