Firozabad: पेड़ पर लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
मृतक के भाई जितेंद्र ने बताया कि अनूप छह भाईयों में पांचवें नंबर का था। वह गांव में परचून की दुकान करता था। वह जिला पंचायत सदस्य का चुनाव भी लड़ा था।
विस्तार
फिरोजाबाद के मक्खनपुर थाना क्षेत्र के गांव किशनपुर निवासी 19 वर्षीय युवक का शव गांव के बाहर आम के पेड़ पर लटका मिला। युवक का शव पेड़ पर लटका होने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लेकर आई। मौत के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सके हैं।
परचून की दुकान चलाता था
अनूप कुमार (19) गांव में ही परचून की दुकान चलाता था। रात करीब दस बजे तक वह गांव के युवकों के साथ बैठा रहा। इसके बाद वह घर आकर सो गया। सुबह करीब पांच बजे जब ग्रामीण खेतों की तरफ गए तो खेत में खड़े आम के पेड़ पर अनूप का शव लटका देखा। अनूप का शव पेड़ पर लटका होने की जानकारी ग्रामीणों ने उसके परिजनों को दी। अनूप की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों के साथ काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए।
जिला पंचायत सदस्य का लड़ा था चुनाव
सूचना पर मक्खनपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई जितेंद्र ने बताया कि अनूप छह भाईयों में पांचवें नंबर का था। वह गांव में परचून की दुकान करता था। वह जिला पंचायत सदस्य का चुनाव भी लड़ा था। थाना प्रभारी मक्खनपुर प्रदीप कुमार का कहना है कि युवक ने मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस जांच कर रही है।