साइबर अपराध: ऐसे फोन से रहें सावधान...मैं भाई का दोस्त बोल रहा हूं, खाते में रकम भेज दूंगा...निकल गए 78 हजार रुपये
ई-वॉलेट से साइबर अपराधी ने रकम भेजने के नाम पर 78 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने थाना सदर में शिकायत दर्ज कराई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मैं आपके भाई का दोस्त बोल रहा हूं। मेरे खाते की लिमिट पूरी हो गई है। आपके ई-वॉलेट में 20 हजार रुपये भेज दूंगा। सदर के आटा चक्की संचालक भगवान सिंह के ई-वॉलेट से साइबर अपराधी ने रकम भेजने के नाम पर 78 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने थाना सदर में शिकायत दर्ज कराई है।
नगला जस्सा निवासी भगवान सिंह ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार सुबह तकरीबन 9:00 बजे उनके भाई हरिओम के पास एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने कहा कि कैसे हो। इस पर भाई ने कहा कि अच्छा हूं। इसके बाद उन्होंने पूछा कि कौन बोल रहा है। इस पर कॉल करने वाले ने कहा कि पहचान करो। हरिओम ने अपना दोस्त राजेंद्र समझा। उसका नाम ले दिया। इस पर उसने हां बोल दिया।
फिर कहा कि उसके खाते की लिमिट पूरी हो गई है। किसी से रुपये मंगवाने है। वह उनके ई-वॉलेट में 20 हजार रुपये भेज देगा। बाद में उनसे ले लेगा। इस पर हरिओम ने कहा कि वह ई-वॉलेट नहीं चलाते हैं। उन्होंने भाई भगवान सिंह को नंबर दे दिया। भगवान सिंह के नंबर पर कॉल करके भी रुपये भेजने की बात कही गई। इसके बाद एक मैसेज आया। उस पर क्लिक करते ही भगवान सिंह के खाते से 19800 रुपये निकल गए। इस पर उन्होंने उक्त व्यक्ति से बात की, कहा कि रकम आने के बजाय कट गई है। इस पर साइबर अपराधी ने कहा कि कोई तकनीकी गड़बड़ी हो गई है। वह फिर से मैसेज भेज रहा है। इसके बाद तीन और मैसेज भेजे। इस बार भी रकम कट गई। चार बार में उनके खाते से 78 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की है।
क्लोन एटीएम कार्ड से निकले एक लाख रुपये
सदर के सीओडी निवासी छोटेलाल एक स्कूल में प्रधानाचार्य हैं। इन दिनों बीमार चल रहे हैं। उनके बेटे सुमित ने पुलिस को बताया कि तीन अगस्त को पिता का मोबाइल चेक किया। उसमें बैंक के मैसेज थे। यह खाते से 22 और 26 जुलाई को 25-25 हजार रुपये और तीन अगस्त को 25 हजार रुपये निकलने के थे। रात होने की वजह से वह बैंक नहीं जा सके। चार अगस्त को मोबाइल चेक किया तो 25 हजार रुपये और निकल गए। उनके खाते से चार बार में एक लाख रुपये निकाल लिए गए। उन्होंने पुलिस से शिकायत की है। थाना सदर के प्रभारी निरीक्षक अजय कौशल का कहना है कि छोटेलाल ने मधु नगर स्थित एटीएम से 13 जुलाई को रकम निकाली थी। इसके बाद एटीएम का इस्तेमाल नहीं किया गया है। एटीएम उनके पास ही है। आशंका है कि क्लोन एटीएम कार्ड से रकम निकाली गई है।
पुलिस चला रही जागरूकता अभियान
एडीजी जोन राजीव कृष्ण साइबर अपराध के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चला रहे हैं। ऑनलाइन यूट्यूब पर एडीजी जोन आगरा के चैनल से जुड़कर लाइव प्रसारण देख जा सकता है। इसमें एक्सपर्ट लोगों को साइबर अपराध के नए-नए तरीकों से बचने के प्रति सचेत कर रहे हैं।
अनजान नंबर से आने वाले कॉल पर नहीं करें भरोसा
एडीजी जोन राजीव कृष्ण ने बताया कि फोन पर परिचित, दोस्त, रिश्तेदार बनकर कॉल करने वाले साइबर अपराधी हो सकते हैं। इसलिए जो व्यक्ति रुपये भेजने की बात कर रहा है, उससे सावधान रहें। उसके अपने पास दर्ज नंबर पर कॉल करना चाहिए। ई-वॉलेट में आने वाले मैसेज को ठीक से पढ़ना चाहिए। साइबर अपराधी आपके खाते में रकम भेजने के बजाय, रकम निकालने के लिए मैसेज भेजते हैं।
यूपी: जागरुकता जरूरी, 31 महीने में दर्ज हुए साइबर अपराध के 27 हजार केस